भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच गुलाबी गेंद से खेला जाएगा। गुलाबी गेंद के साथ भारत के स्पिन गेंदबाज अक्षर पटेल का रिकॉर्ड बहुत ही शानदार है। उन्होंने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ मैच में गुलाबी गेंद से कमाल की गेंदबाजी की थी और इंग्लैंड की टीम उनकी स्पिन गेंदबाजी के सामने धराशायी हो गई थी। अब बेंगलुरु में होने वाले डे-नाइट टेस्ट में अक्षर के पास एक और बेहतरीन रिकॉर्ड बनाने का मौका है। अक्षर इस मैच में सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन सकते हैं।
अगर बेंगलुरू टेस्ट में अक्षर 14 विकेट ले पाते हैं तो अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में उनके 50 विकेट पूरे जाएंगे। इसके साथ ही वो टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 50 विकेट लेने के 133 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।
टेस्ट में अक्षर का रिकॉर्ड शानदार
पांच टेस्ट मैच में अक्षर पटेल 36 विकेट निकाल चुके हैं। उन्होंने अपने शुरुआती चार मैचों में 32 विकेट लिए थे, लेकिन इसके बाद तीन पारियों में उन्हें सिर्फ चार विकेट ही मिले हैं। इसी वजह से उनके पास विश्व रिकॉर्ड तोड़ने का मौका नहीं है, लेकिन वो इसकी बराबरी कर सकते हैं। टेस्ट में सबसे तेज 50 विकेट लेने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के चर्ल्स टर्नर के नाम है, जिन्होंने 1880 में सिर्फ छह मैचों में यह कीर्तिमान हासिल किया था। वहीं दक्षिण अफ्रीका के वर्नेन फिलेंडर ने सात मैचों में 50 विकेट लिए थे।
दूसरे मैच में अक्षर को मौका मिलना तय
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच में अक्षर पटेल पूरी तरह से फिट नहीं थे। इसी वजह से वो भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे और उनकी जगह जयंत यादव को मौका दिया गया था। जयंत इस मैच में गेंद या बल्ले के साथ कुछ खास नहीं कर पाए थे। ऐसे में दूसरे टेस्ट में अक्षर को मौका मिलना तय है। खासकर उनका पुराना रिकॉर्ड देखते हुए रोहित हर हाल में उन्हें मौका देना चाहेंगे, क्योंकि अक्षर गेंद और बल्ले दोनों के साथ जयंत से बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं।