भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच बेंगलुरू में होना है। मोहाली में खेले गए पहले मैच में भारत ने श्रीलंका को पारी और 222 रन से हराया था। इस मैच में भारत के लिए रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन और ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा सिर्फ 29 रन बनाकर आउट हो गए थे। इस मैच में उन्हें शानदार शुरुआत मिली थी और वो 27 गेंद पर 29 रन बना चुके थे, लेकिन इसके बाद पुल शॉट खेलने के प्रयास में वो अपना विकेट गंवाकर चले गए।
रोहित के सस्ते में आउट होने के बाद सुनील गावस्कर ने उन्हें पुल शॉट न खेलने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि भले ही पुल शॉट के जरिए रोहित खूब रन बनाते हों, लेकिन जब तक वो बड़े स्कोर तक न पहुंच जाएं तब तक उन्हें पुल शॉट नहीं खेलना चाहिए।
रोहित के पास कई तरह के शॉट
सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा कि रोहित शर्मा को इस बारे में सोचने की जरूरत है। वो पुल के जरिए एक या दो बाउंड्री लगाते हैं और आप कहने लगते हैं कि इस शॉट के जरिए उनके रन बन रहे हैं। उनके पास कई और भी शॉट हैं। ऐसे में हर तेज गेंददबाज उनको छोटी गेंद करके अपनी किस्मत आजमाना चाहेगा। आपको पुल शॉट पर अपने आउट होने की संभावना को कम करना होगा। अगर रोहित को लगता है कि वो अधिकतर मौकों पर पुल शॉट खेलते हुए सफल हो रहे हैं और यह उनके हित में है तो उन्हें यह शॉट खेलते रहना चाहिए। मौजूदा समय में यह उनके हित में नहीं है, इसलिए जब तक वो 80, 90 या 100 रन नहीं बना लेते, तब तक उन्हें यह शॉट नहीं खेलना चाहिए।
दूसरे टेस्ट में भारत के टॉप ऑर्डर से उम्मीद
मोहाली में पहले टेस्ट के दौरान भारत के हर बल्लेबाज को अच्छी शुरुआत मिली थी, लेकिन कोई भी इसका फायदा नहीं उठा पाया था। रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, हनुमा विहारी, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर जैसे सभी प्रमुख बल्लेबाजों को इस मैच में अच्छी शुरुआत मिली थी, लेकिन कोई भी बड़ा स्कोर नहीं बना पाया था। हालांकि, पंत और जडेजा ने जरूर अच्छा स्कोर बनाया था। ऐसे में बेंगलुरु टेस्ट में टीम के शुरुआती बल्लेबाजों से बड़ी पारी की उम्मीद होगी।