ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने सोमवार को अपनी ही टीम के बारे में बुरा भला कहा है। दरअसल, दूसरे टेस्ट में भारतीय गेंदबाजों के आगे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के प्रदर्शन को देख पोंटिंग गुस्से से लाल हो गए और अपनी ही टीम को खरी-खोटी सुनाई।
रिकी पोंटिंग ने कहा कि एमसीजी पिच में कोई खामी नहीं है। मगर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ सबसे खराब बल्लेबाजी की। उन्होंने अपनी टीम की आलोचना करे हुए कहा, 'आप पिच को दोष नहीं दे सकते। पिच बिल्कुल सही है। गेंद थोड़ी स्पिन हो रही थी, लेकिन आप पहले से ऐसी उम्मी करते हैं। यह अब सबसे खराब बल्लेबाजी का नमूना है।'
चैनल सात से बातचीत में पोंटिंग ने कहा कि भारतीय गेंदबाजों के आगे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज सजग होकर नहीं खेले। उन्होंने कहा कि वे खराब शॉट खेलकर आउट हुए। इस पूर्व कप्तान ने कहा कि वे नियमित तौर पर स्कोर बोर्ड को चलाने में विफल रहे और इससे दबाव बन गया और जब दबाव बन जाता है तो खराब शॉट लगता है।
बता दें कि मेलबर्न में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन टीम इंडिया की पहली पारी 326 रन पर ऑलआउट हो गई। पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया को 131 रन की बढ़त मिली। मैच के पहले दिन भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 195 रन पर आउट कर दिया था। वहीं, दिन का खेल खत्म होने पर ऑस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में जैसे-तैसे 133/6 रन ही बना पाई। अब वह भारत से सिर्फ 2 रन ही आगे है।