ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के लिए मंगलवार का दिन एक बुरी खबर लेकर आया। उनके पिता पॉल ने दुनिया को अलविदा कह दिया। पॉल कैंसर से जूझ रहे थे और पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। पिता के निधन के बाद स्टार्क शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट से हट गए हैं। वे गुरुवार को विक्टोरिया के साथ होने वाले मुकाबले में भी हिस्सा नहीं लेंगे।
स्टार्क पिछले काफी समय से फॉर्म से भी जूझ रहे हैं और हाल ही में भारत के साथ खत्म हुई टेस्ट सीरीज में भी वे प्रभावी नहीं रहे थे। उन्होंने तब चार मैचों में 11 विकेट ही चटकाए थे।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने इसके बाद पिछले हफ्ते शेफील्ड शील्ड घरेलू टूर्नामेंट में वापसी की। लेकिन सिडनी ग्राउंड में खेले गए चार दिन के मुकाबले में भी वे बेअसर रहे और दोनों पारियों में मिलाकर सिर्फ एक विकेट ही ले पाए।
फिलहाल स्टार्क के ऊपर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है और ऐसे में वे अपने परिवार के साथ समय बिताएंगे। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट ने भी उनके प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।