ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज जीत ली है
- फोटो : सोशल मीडिया
ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच कंगारू टीम ने तीन विकेट से अपने नाम किया। इसके साथ ही एरोन फिंच की अगुआई वाली टीम ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 11 जून को पल्लेकल में खेला जाएगा। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने नौ विकेट खोकर 124 रन बनाए थे और ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट खोकर 13 गेंद रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए मैथ्यू वेड ने सबसे ज्यादा 26 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच बने। वहीं, श्रीलंका के लिए चरिथ असालंका ने 39 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन ने चार और जाय रिचर्डसन ने तीन विकेट लिए। श्रीलंका के वनिंदू हसरंगा ने चार विकेट झटके।
श्रीलंका की खराब बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सात रन के स्कोर पर टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद चरिथ असालंका और कुशल मेंडिस ने तीसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी कर अपनी टीम की वापसी कराई। असालंका ने 39 और मेंडिस ने 36 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। 14 रन बनाने वाले कप्तान शनाका टीम के तीसरे सबसे बड़े स्कोरर रहे। अंत में श्रीलंका ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 124 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए केन रिचर्डसन ने चार, झाय रिचर्डसन ने तीन और ग्लेन मैक्सवेल ने दो विकेट लिए। हेजलवुड को विकेट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 16 रन दिए।
सभी बल्लेबाजों के योगदान से जीता ऑस्ट्रेलिया
125 रन के आसान स्कोर का पीछा करते हुए कंगारू टीम की शुरुआत शानदार थी। कप्तान फिंच और वॉर्नर ने पहले विकेट के लिए 16 गेंदों में 33 रन की साझेदारी की। फिंच 13 गेंद में 24 और वॉर्नर 10 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद हसरंगा ने दो ओवर में दो विकेट लेकर श्रीलंका की मैच में वापसी कराई। हालांकि, बाकी गेंदबाज उनका साथ नहीं दे सके। ग्लेन मैक्सवेल के 19 और मैथ्यू वेड के नाबाद 26 रन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने मैच अपने नाम किया।
श्रीलंका के लिए वनिंदु हसरंगा ने चार विकेट झटके। वहीं, दुष्मंता चमीरा और नुवान थुसारा को एक-एक विकेट मिला। इनके अलावा कोई गेंदबाज कमाल नहीं कर सका और अंत में श्रीलंका की टीम ने मैच के साथ-साथ सीरीज भी गंवा दी। अगर श्रीलंकाई टीम को मैच जीतने हैं तो उनके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।