स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर का गेंद से छेड़छाड़ मामले में प्रतिबंध मार्च में खत्म हो रहा है। कप्तान पेन ने सीधे इनका जिक्र नहीं किया लेकिन टीम में अनुभव की बात की। उन्होंने कहा'हमें पता है कि बिना शतक जड़े हम अधिक मैच नहीं जीतने वाले और हमने इस बारे में बात भी की है। हम इसमें सुधार को लेकर उत्सुक हैं।'
पेन ने कहा'अच्छी बात यह है कि कुछ मैचों के बाद कुछ विश्व स्तरीय बल्लेबाज उपलब्ध होंगे और हमारे पास कुछ युवा खिलाड़ी भी होंगे जो आठ से 10 टेस्ट खेल चुके होंगे। यह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए शानदार चीज होगी।' पेन ने इस सुझाव को भी खारिज किया कि वह अंतिम टेस्ट में बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आ सकते हैं।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने हैरानी जताई कि भारतीय आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन चोट के कारण शायद अंतिम टेस्ट में नहीं खेल पाएं। ऑस्ट्रेलिया पिच को देखने के बाद लेग स्पिन आलराउंडर मार्नस लाबुशेन को पदार्पण का मौका दे सकता है। पेन ने कहा'मुझे लगता है कि हमारे कुछ बल्लेबाज इस खबर (अश्विन के संभवत: नहीं खेलने की खबर) को सुनकर खुश होंगे।
लेकिन हमें पता है कि उनके पास कुछ और स्पिनर हैं- कुलदीप यादव युवा है लेकिन प्रतिभावान है और रविंद्र जडेजा ने मेलबर्न में उनके लिए अच्छा किया।' उन्होंने कहा'हम आज एक बार फिर विकेट को देखेंगे और संभवत: दोपहर तक फैसला करेंगे। यह टीम संतुलन पर निर्भर करेगा कि कौन खेलेगा।'