लोकसभा में बुधवार को राफेल डील पर जमकर हंगामा हुआ। जहां कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अनिल अंबानी को AA कहकर संबोधित किया। वहीं वित्त मंत्री अरुण जेटली ने Q कहकर क्वात्रोकी को संबोधित किया। लोकसभा में राहुल गांधी ने राफेल पर अपनी बात रखते हुए कहा कि जब नरेंद्र मोदी फ्रांस गए थे तब वहां के राष्ट्रपति से मिले थे। रक्षा मंत्री परिकर ने कहा कि उन्हें डील में बदलाव का पता नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जल्दी के चक्कर में 36 विमानों का सौदा क्यों किया? राहुल ने कहा कि वायुसेना से बिना पूछे विमान की संख्या बदली। कीमत 526 करोड़ से 1600 करोड़ कैसे हुई? राहुल ने कहा कि पीएम मोदी के कहने पर अनिल अंबानी को ठेका दिया गया।
वहीं, राहुल के दावों पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने पलटवार किया। राहुल के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि राहुल लगातार झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो कुछ भी कहा गया, उसका एक-एक शब्द झूठ है। राहुल को जवाब देते हुए वित्त मंत्री ने कहा राफेल की कीमत केजी का बच्चा भी समझ सकता है। राहुल को लड़ाकू विमान की समझ ही नहीं है। कुछ परिवारों को गणित समझ आता है देश की सुरक्षा नहीं। जेटली ने कहा कि बोफोर्स, नेशनल हेराल्ड और अगस्ता मामले में गांधी परिवार का नाम है। बचपन में वह क्या Q (क्वात्रोकी) की गोद में खेले।