दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट 18 अक्तूबर से शुरू हो रहा है। पहला टेस्ट जीतकर सीरीज में आगे चल रही ऑस्ट्रेलिया की दूसरे टेस्ट से पहले मुश्किलें बढ़ गई है। ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन का चोट की वजह से दूसरे टेस्ट में खेलने पर संशय बरकरार है। डरबन टेस्ट में जीत के बाद कोच मैकडोनाल्ड ने ग्रीन की स्थिति पर अपडेट दिया।
ग्रीन के गेंदबाजी करने की संभावना कम
ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि ग्रीन बल्लेबाज के तौर पर बेशक फिट हो जाएं, लेकिन इस सीरीज में उनके गेंदबाजी करने की संभावना बेहद कम है। उन्होंने कहा, ग्रीन अच्छी प्रोग्रेस कर रहे हैं। अगले तीन-चार दिनों में उन्हें कुछ टेस्ट से गुजरना है। सॉफ्ट टिश्यू इंजरी है, इसलिए इसमें तेजी से सुधार भी हो सकता है। जोश ने इस टेस्ट के दौरान लंच टाइम में नेट्स के पीछे कुछ शॉट्स खेले और वह ठीक रहा। अब यह देखना है कि स्प्लिंट के साथ उसे कितना आराम है। गकेबरहा में उनके सेशन होंगे, तब हमें ज्यादा जानकारी मिलेगी।
ऑस्ट्रेलिया के सामने मध्य क्रम की चुनौती
अगर ग्रीन गकेबरहा या केप टाउन टेस्ट के लिए उपलब्ध होते हैं तो ऑस्ट्रेलिया के सामने मध्य क्रम का संयोजन तलाशने की चुनौती होगी। इसका असर ब्यू वेबस्टर पर पड़ सकता है, जिन्हें अपनी जगह बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है। मालूम हो कि अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में ग्रीन ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल बल्लेबाज थे। ग्रीन की चोट के कारण ही डरबन में ऑस्ट्रेलिया को बैटिंग ऑर्डर में बदलाव करना पड़ा था। मैट रेनशॉ को नंबर 5 पर भेजा गया और निक मैडिनसन को ट्रेविस हेड के साथ ओपनिंग कराई गई, जिसका फैसला कप्तान पैट कमिंस ने लिया था। रेनशॉ ने इस फैसले को सही साबित करते हुए दोनों पारियों में कुल 272 रन बनाए और आखिरी पारी में दो विकेट भी लिए।
मैकडोनाल्ड ने बल्लेबाजी क्रम को लेकर कहा, बाहर से लगता है कि किसी खास समय पर खास ऑर्डर होना चाहिए। कोई ओपनर है तो कोई मिडिल ऑर्डर प्लेयर। लेकिन हम ज्यादा खुले विचारों वाले हैं। अगला टेस्ट अलग पिच पर होगा, वहां क्या होगा पता नहीं, इसलिए रेनशॉ कहां बल्लेबाजी करेंगे, इस पर हम अगले टेस्ट से पहले काम करेंगे।