ऑस्ट्रेलियाई टीम का दारोमदार फिंच और डेविड वॉर्नर पर है। फिंच एक शतक की मदद से 343 रन बना चुके हैं। वह शीर्ष पांच बल्लेबाजों में तीसरे नंबर पर हैं। वहीं वॉर्नर भी एक शतक और दो अर्द्धशतकों की बदौलत 281 रन बना चुके हैं। पूर्व कप्तान स्मिथ भी लय पा चुके हैं। गेंदबाजी में मिशेल स्टार्क (13 विकेट) और पैट कमिंस (11 विकेट) भी पूरे रंग में हैं।
बांग्लादेश के शाकिब शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। वह टूर्नामेंट में अभी तक दो शतकों और दो अर्द्धशतकों सहित 384 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर बने हुए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले मैच में 124 रन की उनकी शानदार पारी से टीम ने सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी।
यह बांग्लादेश की विश्व कप में विंडीज पर पहली जीत थी। लिटन दास और तमीम इकबाल भी शानदार फॉर्म में हैं। दो जीत और एक ड्रॉ से बांग्लादेश सेमीफाइनल की दौड़ में बना है। उसकी सबसे बड़ी चिंता गेंदबाजी है।
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस फिट हो गए हैं लेकिन कोच जस्टिन लैंगर ने कहा कि वह इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं है कि टीम (अंतिम 11) में उनकी वापसी जल्द होगी। लैंगर ने कहा कि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि मौजूदा विश्व कप के दो मुकाबलों को चोट के कारण नहीं खेलने वाले स्टोइनिस बांग्लादेश के खिलाफ मैच में टीम का हिस्सा होंगे। स्टोइनिस को नौ जून को भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को मिली 36 रन की हार के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत हुई थी।
लैंगर ने कहा, 'हम उनकी चोट की निगरानी कर रहे, वह एक शीर्ष एथलीट हैं। उन्होंने फिटनेस हासिल करने के लिए हर जरूरी चीज की है। वह कोई मौका नहीं खोना चाहेंगे।' स्टोइनिस 15 सदस्यीय टीम में बने रहेंगे। उनके कवर के रूप में बुलाए गए ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के कप्तान मिशेल मार्श मंगलवार को टीम के साथ ट्रेनिंग करने के बाद वापस ‘ए’टीम से जुड़ गए।