करीब एक दशक बाद ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम बांग्लादेश के दौरे पर आने वाली थी लेकिन अब उस पर संशय के बादल मंडराने लगे हैं।
ऑस्ट्रेलियाई टीम को 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए 27 सितंबर (रविवार) को बांग्लादेश के लिए रवाना होना था लेकिन रवाना होने से तुरंत पहले कंगारू टीम को सुरक्षा कारणों से उड़ान भरने नहीं दिया गया। ऑस्ट्रेलियाई टीम का दौरा अभी अधर में है और खिलाड़ी सुरक्षा संबंधी नई चेतावनी जारी होने के बाद अपने घरों को लौटने लगे हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने रविवार को अपने विदेश मंत्रालय से मिली इस चेतावनी के बाद दौरे को स्थगित कर दिया कि भारत के इस पड़ोसी देश में आतंकवादी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को निशाना बना सकते हैं। सीए का कहना है कि फिलहाल अभी सि्थति में कोई बदलाव होता नहीं दिख रहा है। हम अगले फैसले का इंतजार कर रहे हैं। अगली सूचना आने तक खिलाड़ियों को अपने-अपने राज्यों के ट्रेनिंग कैंपों से जुड़ने के लिए कह दिया गया है।