क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) दिवंगत बल्लेबाज फिल ह्यूज को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 9 दिसंबर से होने वाले पहले टेस्ट मैच से पहले कई तरह से श्रद्धांजलि देने की योजना बना रहा है।
ह्यूज के जीवन और उपलब्धियों के सम्मान में पहले टेस्ट मैच के लिए सीए ने कई योजनाएं बनाई हैं। 25 नवंबर 2014 को ह्यूज शेफील्ड शील्ड मैच के दौरान सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) में तेज गेंदबाज सीन एबोट की गेंद लगने से घायल हो गए थे और बाद में उनकी मौत हो गई थी।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क के चोटिल होने के कारण ह्यूज का भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में खेलना तय माना जा रहा था। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सब कुछ बिगाड़ कर रख दिया। हालांकि अब पहले से तय कार्यक्रम में 5 दिन का इजाफा होने के बाद क्लार्क फिट हो गए हैं और अब वह पहले टेस्ट मैच में खेलने उतरेंगे।
सभी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पहनेंगे 408 नंबर की जर्सी
एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच शुरू हो रहे पहले टेस्ट में क्रिकेटर फिल ह्यूज को अलग तरह से श्रद्धांजलि देंगे। और संभवतः इस तरह की श्रद्धांजलि क्रिकेट इतिहास में पहली बार हो रही होगी।
ह्यूज को श्रद्धांजलि देने के लिए सभी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी 408 नंबर की जर्सी पहनकर पहले टेस्ट मैच में उतरेंगे। हालांकि सभी खिलाड़ियों की जर्सी पर उनके खुद का टेस्ट नंबर होता है लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने दिवंगत साथी की टेस्ट कैप वाले नंबर की जर्सी पहनेगी।
ओपनर ह्यूज ऑस्ट्रेलिया की ओर से टेस्ट खेलने वाले 408वें खिलाड़ी थे। इसके अलावा सभी खिलाड़ी और मैच अधिकारी हाथ में काली पट्टी बांधेंगे। साथ ही मैदान के बीचोबीच बड़े आकार में 408 लिखा होगा, जिसके पास खड़े होकर भारत और ऑस्ट्रेलिया टीम के खिलाड़ी अपने इस खिलाड़ी को श्रद्धांजलि देंगे। यहां से खड़े होकर ये खिलाड़ी ह्यूज की याद में तैयार किए गए एक विडियो को देखेंगे जिसमें पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान और कमेंटेटर रिची बेनो की आवाज होगी। ह्यूज को श्रद्धांजलि देने के ये सभी कार्यक्रम स्टेडियम में बीच लगी विशाल स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे।
ह्यूज की अंतिम पारी के बराबर रखा जाएगा मौन
आमतौर पर किसी को भी श्रद्धांजलि देने के लिए मैच शुरू होने से पहले टीमें, अधिकारी और दर्शक दो मिनट का मौत रखते हैं लेकिन क्रिकेटर फिल ह्यूज को श्रद्धांजलि देने के लिए 63 सेकंड का मौन रखा जाएगा।
ऐसा इसलिए किया जाएगा क्योंकि जिस समय ह्यूज को बाउंसर लगी थी उस समय वह 63 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। सीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेम्स सदरलैंड ने कहा, "ह्यूज की मौत के बाद यह काफी दुखद समय है। मंगलवार से अंतरराष्ट्रीय सत्र दोबारा शुरू हो रहा है। यह उस मॉर्डन बल्लेबाज को एक ओर श्रद्धांजलि है जिसने हम सभी के दिलों में अपनी जगह बनाई है। मुझे उम्मीद है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले आगाज टेस्ट मैच से पहले ह्यूज को दी जाने वाली श्रद्धांजलि में पूरी क्रिकेट बिरादरी शामिल होगी।"
यही नहीं साउथ ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट एसोसिएशन चाहती है कि टेस्ट मैच के दौरान एडिलेड ओवल के साउदर्न प्लाजा पर ह्यूज का एक टेंपरेरी मेमोरियल बनाया जाए।