ऑस्ट्रेलिया के नए कप्तान के तीन दावेदार हैं
- फोटो : सोशल मीडिया
ऑस्ट्रेलिया को आगामी एशेज ट्रॉफी से पहले बड़ा झटका लगा। रेगुलर टेस्ट कप्तान टिम पेन ने अपनी सहकर्मी को आपत्तिजनक संदेश भेजने का खुलासा होने के बाद कप्तान पद छोड़ दिया था। इसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) को नए कप्तान की तलाश है। तेज गेंदबाज पैट कमिंस कप्तान बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं। उनके अलावा पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ भी दौड़ में हैं।
आकाश ने यूट्यूब चैनल पर बताए तीन नाम
इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस गुत्थी को सुलझाने की कोशिश की है। उन्होंने तीन खिलाड़ियों का नाम लिया जो ऑस्ट्रेलिया के नए टेस्ट कप्तान बनने के लिए मजबूत दावेदार हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर पैट कमिंस इस रेस में सबसे आगे हैं। इसके पीछे उन्होंने वजह बताई कि कमिंस टीम में सबसे अनुभवी गेंदबाज हैं और काफी चतुर भी हैं।
स्मिथ भी कप्तानी के लिए मजबूत दावेदार
आकाश ने कहा कि स्टीव स्मिथ भी इस पद के लिए मजबूत दावेदार हैं, क्योंकि पहले भी वह कमान संभाल चुके हैं और अपनी कप्तानी में स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया को काफी मैच जिताए थे। स्मिथ काफी समझदार कप्तान हैं और गेंदबाजों का सही इस्तेमाल करना जानते हैं। आकाश का तीसरा नाम चौंकान वाला था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम के बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन का नाम लिया।
स्मिथ बॉल टैंपरिंग विवाद में फंस चुके हैं
आकाश ने कहा कि अगर स्मिथ ऑस्ट्रेलियाई टीम का दुबारा कप्तान बनते हैं तो इसमें कोई बुराई नहीं है, लेकिन उनका नाम बॉल टैंपरिंग मामले में जुड़ चूका है। इसलिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलियाई नियमों के तहत शायद ही उन्हें अगला कप्तान बनाए। आकाश ने कहा कि अगर लाबुशेन को ऑस्ट्रेलिया का अगला कप्तान बनाया जाता है तो इसमें कोई चौकने वाली बात नहीं होगी।
लाबुशेन ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख बल्लेबाज हैं
लाबुशेन पिछले कुछ सालों में ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। लाबुशेन ने 18 टेस्ट में 60.81 की औसत से 1885 रन बनाए हैं। इसके अलावा उनके नाम 12 टेस्ट विकेट हैं। लाबुशेन ने 2018 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। तब से वह लगातार टीम का हिस्सा रहे हैं।
टिम पेन ने इस वजह से छोड़ी कप्तानी
रेगुलर टेस्ट कप्तान पेन के उपर आरोप लगा है कि उन्होंने साल 2017 में अपनी महिला सहकर्मी को अश्लील फोटो और गंदे मैसेज भेजे थे। इस मामले के दोबारा सामने आने के बाद पेन ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली एशेज सीरीज से पहले कप्तानी पद से इस्तीफा दे दिया।