सीरीज शुरू होने पहले भारत के घरेलू टीमों के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कई कमजोरियां खुल गई है। खासकर स्पिनरों के सामने मेहमान टीम का बिखरना काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि अभ्यास मैच में कंगारुओं का खराब खेलना कहीं रणनीति का हिस्सा तो नहीं है?
गौर करने की बात यह भी है कि ऑस्ट्रेलियाई जीत के लिए हमेशा से मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह प्लान के तहत कार्य करने के लिए जाने जाते हैं। शायद इसी प्लान के तहत कंगारुओं ने अभ्यास मैच में खरार प्रदर्शन किया हो, ताकि टीम इंडिया उन्हें हल्के में लेने की गलती करे। अगर कंगारु पहले मैच में हावी हो जाते हैं तो इससे टीम इंडिया की मुश्किल बढ़ जाएगी। वैसे भी दोनों अभ्यास मैचों में ऑस्ट्रेलिया ने माइकल क्लॉर्क सहित मुख्य धुरंधरों को नहीं उतारा था।
इंग्लैंड से सबक ले टीम इंडिया
पिछले साल भारत दौरे पर आई टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड टीम ने भी अभ्यास मैच में खास प्रदर्शन नहीं किया था। जेम्स एंडरसन, स्टीवन फिन, मोंटी पनेसर और ग्रीम स्वान जैसे गेंदबाजों से सजी इंग्लैंड टीम भारत के घरेलू टीमों के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर पाई थी।
खास बात यह है कि इन गेंदबाजों के खिलाफ भारत के दोयम दर्जे की टीमों ने करीब 400 रनों का आंकड़ा पार किया था। जबकि टेस्ट मैच में स्थिति ठीक इससे उलट देखने को मिली। टीम इंडिया को अंग्रेजों ने हर मोर्चे पर विफल साबित किया और भारत में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीते।