ऑस्ट्रेलिया को टी20 विश्व कप शुरू होने से पहले ही बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज पैट कमिंस चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 15 सदस्यीय टीम में दो बदलाव किए हैं। कमिंस के अलावा शीर्ष क्रम के बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट भी टीम से बाहर हो गए हैं। इन दोनों की जगह टीम में तेज गेंदबाज बेन ड्वारशुइस और बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ को जगह दी गई है।
चोट से नहीं उबर सके कमिंस
कमिंस लंबे समय से चोट से जूझ रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एशेज टेस्ट सीरीज के ज्यादातर मैचों में हिस्सा नहीं लिया था। माना जा रहा था कि वह टी20 विश्व कप से मैदान पर वापसी करेंगे, लेकिन टूर्नामेंट को शुरू होने में अब सात दिन का समय शेष है, ऐसे में कमिंस समय से पूरी तरह ठीक नहीं हो सके। अंतत: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को उन्हें बाहर करने का फैसला लेना पड़ा। कमिंस ऑस्ट्रेलिया के अहम सदस्य हैं और उनका नहीं होना कंगारू टीम के लिए बड़ा झटका है।
हेजलवुड ने पास किया फिटनेस टेस्ट
जोश हेजलवुड, टिम डेविड और नाथन एलिस की तिकड़ी ने टी20 विश्व कप के लिए फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। एशेज से पहले हैमस्ट्रिंग चोट लगने के बाद से हेजलवुड नहीं खेले हैं। वहीं, डेविड चोट के कारण बिग बैश लीग और पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में हिस्सा नहीं ले सके। एलिस भी इस वजह से बिग बैश लीग के फाइनल और पाकिस्तान दौरे से बाहर रहे।
ग्रुप बी में शामिल है ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया विश्व कप से पहले पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में हिस्सा ले रही है। टी20 विश्व कप की शुरुआत सात फरवरी से हो रही है और इसके मुकाबले भारत और श्रीलंका में खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप बी में शामिल है जिसमें ओमान, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और श्रीलंका भी मौजूद हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ कोलंबो में होने वाले मैच से करेगी।
टी20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम:
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहेनमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम जांपा।