ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस टीम इंडिया के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने शुक्रवार को कहा कि कमिंस को एशेज सीरीज की तैयारी करना है, जिसकी वजह से वो भारत के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे।
सीए ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के लिए कमिंस को तरोताजा रहना है, जिसे देखते हुए उन्हें टी20 सीरीज में आराम देने का फैसला किया गया है। चोट के कारण पांच साल तक कमिंस का करियर प्रभावित रहा। 24 वर्षीय कमिंस ने इस साल भारत के खिलाफ टेस्ट करियर में शानदार वापसी की थी।
इसके बाद से कमिंस ऑस्ट्रेलिया की वन-डे टीम के नियमित सदस्य रहे और एशेज सीरीज में उन्हें कंगारू टीम के प्रमुख गेंदबाजों में से एक माना जा रहा है। इसलिए वो पांच मैचों की सीरीज के आखिरी तीन वन-डे खेलने के बाद स्वदेश लौट जाएंगे।