टेस्ट कप्तान पैट कमिंस टी-20 विश्व कप की तैयारियों के लिए अगले महीने जिंबाब्वे और न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की सीमित ओवरों की शृंखला में नहीं खेलेंगे। ऑस्ट्रेलिया को 28 और 30 अगस्त तथा तीन सितंबर को टाउन्सविले में जिंबाब्वे के खिलाफ तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने हैं जबकि इसके बाद टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ केर्न्स में छह, आठ और 11 सितंबर को तीन मैचों की एकदिवसीय शृंखला खेलेगी।
तेज गेंदबाज सीन एबट और स्पिनर एश्टन एगर तथा एडम जांपा की आरोन फिंच की अगुवाई वाली टीम में वापसी हुई है। ऑस्ट्रेलिया का श्रीलंका दौरा पिछले सप्ताह समाप्त हुआ जिसमें मेहमान टीम ने टी-20 शृंखला और मेजबान टीम ने एकदिवसीय शृंखला जीती।
दोनों टीम के बीच टेस्ट शृंखला 1-1 से बराबर रही। मध्यक्रम के बल्लेबाज ट्रेविस हेड अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए अपनी साथी जेस के साथ होने के कारण इन शृंखलाओं में नहीं खेल पाएंगे। ऑस्ट्रेलिया टी×20 विश्व कप की मेजबानी करेगा जिसका पहला दौर 16 अक्तूबर से शुरू होगा। गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का टूर्नामेंट में पहला मैच 22 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ है।
टीम : एरॉन फिंच (कप्तान), सीन एबट, एश्टन एगर, एलेक्स कैरी, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, मार्नस लाबुशेन, मिचेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, डेविड वॉर्नर और एडम जाम्पा।