न्यूजीलैंड में खेले जा रहे अंडर 19 वर्ल्डकप में ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सोमवार को हुए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के आगे 181 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे तीन बार विश्वकप विजेता टीम ने बड़ी आसानी से हासिल कर लिया।
ओवल में खेले गए दोनों टीमों के बीच इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद क्रीज पर बल्लेबाजी करने उतरे रहमनुल्लाह और इब्राहिम जादरान टीम को सधी हुई शुरुआत नहीं दिला सके। सलामी बल्लेबाज रहमनुल्लाह (20) और इब्राहिम जादरान (07) रन के स्कोर पर चलते बने। इसके बाद क्रीज पर बल्लेबाजी करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज इकराम अली खिल ने 119 गेंद में 80 रन बनाकर अफगानिस्तान को सम्मानजनक स्कोर दिया।
ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए यह लक्ष्य मुश्किल नहीं था। कंगारू टीम ने 75 गेंद शेष रहते यह लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे ज्यादा स्कोर सलामी बल्लेबाज जैक एडवर्ड्स (72) ने किया। जबकि मध्यमक्रम बल्लेबाज परम उप्पल (32) और नैथन मैकस्विनी (22) रन के स्कोर पर नाबाद रहे।
गेंदबाजी की बात करें तो अफगानिस्तान के कयेस अहमद के खाते में दो विकेट आए। जबकि नवीन उल हक और मुजीब जादरान ने एक-एक विकेट लिया। ऑस्ट्रेलिया टीम की तरफ से जोनाथन मैरलो ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। सलामी बल्लेबाज जैक एडवर्ड्स को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। 72 रन को योगदान देने वाले जैक ने अपनी पारी में 65 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने अफगानिस्तान के एक खिलाड़ी को भी आउट किया।
अब फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला दूसरी सेमीफाइनल विजेता टीम से होगा। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 29 जनवरी को ओवल के इसी ग्राउंड में खेला जाएगा।