फिल ह्यूज की मौत के सदमे से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर धीरे-धीरे उबरने की कोशिश में लगे हैं। हालांकि ह्यूज की यादों को जिंदा रखने के लिए वह उन्हें श्रद्धांजलि देने के अलग-अलग तरीके भी खोज रहे हैं।
ऐसे ही एक नए तरीके के तहत ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों ने भारत के खिलाफ नौ दिसंबर से शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान राष्ट्रगान की धुन के बीच 408 नंबर की जर्सी पहनकर खड़े होने का फैसला किया है। गौरतलब है कि ह्यूज ऑस्ट्रेलियाई के लिए टेस्ट खेलने वले 408वें खिलाड़ी थे।
आमतौर पर हर खिलाड़ी टी-शर्ट पर व्यक्तिगत नंबर के साथ मैदान पर उतरता है, लेकिन इस टेस्ट में सभी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ह्यूज के 408वें नंबर की जर्सी ही पहनेंगे। फिल की असमय मौत के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम का यह पहला टेस्ट होगा ऐसे में जब खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे तो भावनाओं का ज्वार भी उमड़ेगा और उनके लिए इसे काबू में रखना बिल्कुल भी आसन नहीं होगा।
ऑस्ट्रेलियाई कोच डेरेन लेहमैन ने भी टीम को एकजुट रहने का संदेश दिया और कहा कि हमने अपने क्रिकेट समुदाय में से एक सदस्य को खो दिया है। लेकिन अब हमें खेल को आगे बढ़ाना होगा और अगर ह्यूज जीवित होते तो वह भी ऐसा ही चाहते।