कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जवाबी हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। शनिवार को झारखंड के रांची जिले के ओरमाझी में आयोजित रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जमकर हमला बोला।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत आदर्श ग्राम योजना के लिए एक रुपया भी नहीं दिया गया है। पूरे भारत में 6.5 लाख से ज्यादा गांव है वो सिर्फ 650-700 गांवों की बात करते हैं। बाकी गांवों का क्या होगा? काले धन पर भी राहुल ने कहा कि 100 दिन हो गए हैं, क्या आपके खाते में एक भी रुपया आया? आपको याद होगा हमारे प्रधानमंत्री कहा करते थे कि अच्छे दिन आएंगे और काला धन भी वापस आएगा।
राहुल ने कहा कि हमारी सोच है कि हिदुंस्तान की जनता में शक्ति हो, जान हो और जानकारी हो। हमारी और भाजपा की सोच में क्या अंतर है, इसके बारे में आपको बताऊंगा। हम आपके लिए सूचना का अधिकार कानून लाए। भूमि अधिग्रहण कानून लाकर गरीबों की जमीन का सही दाम सुनिश्चित करवाया।
दूसरी तरफ प्रधानमंत्री है जो कहते हैं कि पूरी शक्ति मुझे दे दो। अब देश के प्रधानमंत्री कहते हैं कि अच्छे दिन आ गए। अब वो झाडू लगा रहे हैं। 10-15 मंत्री मिलकर झाडू लगाते हैं और फोटो खिंचवाते हैं। पर उन लोगों को झाडू् पकड़नी तक नहीं आती है।
आतंकवादी हमलों पर राहुल गांधी ने हमलों में शहीद हुए जवानों और उनके परिवारों के लिए गहरी शोक संवेदना प्रक्रट की। ऐसी परिस्थिति में जम्मू-कश्मीर राज्य के साथ हैं। साथ ही आतंकवाद और आतंकवाद के खिलाफ हम उन परिवारों और राज्य के साथ खड़े हैं।