वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया दौरे में होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम में सात नए चेहरे शामिल किए हैं। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा कि कहा कि टीम का नेतृत्व क्रैग ब्रैथवेट करेंगे, जबकि तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ को नया उप कप्तान नियुक्त किया गया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम फिलहाल पाकिस्तान के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही है। उसने पर्थ में पहला टेस्ट जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। दूसरा टेस्ट 26 दिसंबर से मेलबर्न में होगा। वहीं, तीसरा और आखिरी टेस्ट तीन जनवरी से खेला जाएगा।
वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट मैच 17 से 21 जनवरी के बीच एडिलेड में खेला जाएगा। दूसरा मैच 25 से 29 जनवरी के बीच ब्रिस्बेन में खेला जाएगा। यह डे-नाइट टेस्ट मैच होगा। इसके बाद इन दोनों टीम के बीच तीन वनडे और इतने ही टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे।
इन सात खिलाड़ियों का पहली बार हुआ चयन
वेस्टइंडीज की टीम में जिन सात नए खिलाड़ियों को लिया गया है, उनमें बल्लेबाज जाचरी मैक्कासी, विकेटकीपर टेविन इमलाच, ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स, केवम हॉज और केविन सिंक्लेयर तथा तेज गेंदबाज अकीम जॉर्डन और शमर जोसेफ शामिल हैं।
टेस्ट टीम इस प्रकार है:
क्रैग ब्रैथवेट (कप्तान), अल्जारी जोसेफ (उप-कप्तान), तेगनारायण चंद्रपॉल, किर्क मैकेंजी, एलिक अथानाजे, केवम हॉज, जस्टिन ग्रीव्स, जोशुआ डासिल्वा, अकीम जॉर्डन, गुडाकेश मोती, केमार रोच, केविन सिंक्लेयर, टेविन इमलाच, शमर जोसेफ, जाचरी मैक्कास्की।