ऑस्ट्रेलिया की टीम इन दिनों स्कॉटलैंड के दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। बुधवार को खेले गए पहले मुकाबले में मेहमानों ने विस्फोटक बल्लेबाजी की और पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस मैच में ट्रेविस ने हेड की आक्रामक पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर बना दिया।
ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ा दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड
155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत इस मैच में अच्छी नहीं हुई। इस मुकाबले के जरिए डेब्यू करने वाले जेक फ्रेजर मैकगर्क बिना खाता खोले पहले ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद मोर्चा ट्रेविस हेड और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए मिचेल मार्श ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी हुई। पावरप्ले में हेड ने 22 गेंदों में 73 रन बनाए। वहीं, मार्श ने 11 गेंदों में 39 रन बनाए। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने छह ओवर में एक विकेट पर 113 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दक्षिण अफ्रीका ने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ बिना किसी नुकसान के शुरुआती छह ओवरों में 102 रन बनाए थे।
इस मैच में हेड ने 25 गेंदों का सामना किया और 80 रनों तूफानी पारी खेली। उन्होंने 320 के स्ट्राइक रेट से 12 चौके और पांच छक्के लगाए। वहीं, मार्श ने 26 गेंदों में 39 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 325 के स्ट्राइक रेट से पांच चौके और तीन छक्के लगाए।
मैच में क्या हुआ?
एडिनबर्ग में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर स्कॉटलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। मेजबानों के लिए सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुंसे ने सर्वाधिक 28 रनों की पारी खेली और 20 ओवर में नौ विकेट पर 154 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने ट्रेविस हेड की 80 और मिचेल मार्श की 39 रनों की दमदार पारी की बदौलत सिर्फ 9.4 ओवर में तीन विकेट पर 156 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।