ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला पर्थ में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 487 रन बनाए। वहीं, पाकिस्तान की टीम पहली पारी में 271 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 216 रन की बढ़त मिली। मैच के तीसरे दिन (16 दिसंबर) का खेल समाप्त हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 84 रन है। उसकी कुल बढ़त 300 रन की हो गई है। खेल समाप्ति के समय स्टीव स्मिथ 43 और उस्मान ख्वाजा 34 रन बनाकर नाबाद हैं।
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत दूसरी पारी में अच्छी नहीं रही। पहली पारी में शतक लगाने वाले डेविड वॉर्नर दूसरी पारी में खाता भी नहीं खोल सके। खुर्रम शहजाद ने इमाम उल हक के हाथों उन्हें कैच कराया। मार्नश लाबुशेन दो रन ही बना सके। खुर्रम ने उनका विकेट लिया।
इमाम ने लगाया अर्धशतक, लियोन ने लिए तीन विकेट
मैच के तीसरे दिन (16 दिसंबर) को पाकिस्तान की टीम दूसरे दिन के स्कोर 132/2 से आगे खेलने उतरी। वह 271 रन पर ही सिमट गई। उसके लिए सिर्फ इमाम उल हक ही 50 रन का आंकड़ा पार कर पाए। इमाम ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन लियोन ने तीन विकेट लिए। पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क को दो-दो सफलता मिली। जोश हेजलवुड, मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने एक-एक विकेट लिया।
नहीं चला बाबर आजम का बल्ला
शनिवार को दिन की शुरुआत उसके लिए अच्छी नहीं रही। खुर्रम शहजाद के रूप में पाकिस्तान को तीसरा झटका लगा। शहजाद को ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने क्लीन बोल्ड कर दिया। वह सात रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद बल्लेबाजी के लिए आए पूर्व कप्तान बाबर आजम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन वह उसे बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। बाबर 21 रन बनाकर आउट हुए। मिचेल मार्श की गेंद पर विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने उनका कैच लिया। इमाम उल हक 199 गेंद पर 62 रन बनाकर आउट हुए। नाथन लियोन ने विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों उन्हें स्टंप कराया।
सरफराज और शकील भी फेल
सरफराज अहमद फेल हो गए। वह सिर्फ तीन रन ही बना सके। सरफराज को मिचेल स्टार्क ने क्लीन बोल्ड कर दिया। सऊद शकील भी कुछ खास नहीं कर सके। वह 43 गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हुए। जोश हेजलवुड की गेंद पर डेविड वॉर्नर ने उनका कैच लिया। उनके बाद फहीम अशरफ (नौ रन) पवेलियन लौट गए। पैट कमिंस की गेंद पर उस्मान ख्वाजा ने उनका कैच लिया। आमिर जमाल 10 रन बनाकर नाथन लियोन की गेंद पर एलेक्स कैरी को कैच थमा बैठे। शाहीन अफरीदी (चार रन) आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। ट्रेविस हेड ने ख्वाजा के हाथों कैच कराया।