भारत को मिली 53 रन की बढ़त
ऑस्ट्रेलिया के 191 रन पर ढेर होने की वजह से दूसरे दिन की समाप्ति से पहले भारतीय टीम के पास 53 रनों की बढ़त थी और फिर भारतीय टीम ने उसमें नौ रन और जोड़े जिसके बाद उसके पास 62 रनों की बढ़त हो गई थी, हालांकि पृथ्वी शॉ के रूप में उसका एक विकेट गिर चुका था और क्रीज पर मयंक अग्रवाल और नाइट वॉचमैन की भूमिका में उतरे बुमराह क्रीज पर मौजूद थे।
भारतीय बल्लेबाजों ने टेके घुटने
तीसरे दिन की शुरुआत में भारत अच्छी स्थिति में था और उसके बल्लेबाजों से उम्मीद की जा रही थी कि वह यहां पर एक अच्छा स्कोर बनाकर ऑस्ट्रेलिया को बड़ा लक्ष्य देते। लेकिन दिन के दूसरे ही ओवर में कमिंस ने बुमराह को आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया। इस वक्त भारत के दो विकेट पर 15 रन हो गए थे और उसके पास कुल 68 रनों की बढ़त हो गई थी। तब मैदान पर मयंक अग्रवाल और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर मौजूद थे। हालांकि इसके बाद पुजारा शून्य पर आउट हुए और फिर देखते-देखते अग्रवाल, रहाणे, विराट कोहली समेत पूरी टीम इंडिया एक के बाद एक पवेलियन लौट गई और पूरी टीम 36 रन के अपने न्यूनतम स्कोर पर सिमट गई। भारत की तरफ से कोई भी बल्लेबाज दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच पाया जबकि ऑस्ट्रेलिया की तरफ से हेजलवुड ने आठ रन देकर पांच और कमिंस ने 21 रन देकर चार विकेट चटकाए।
बर्न्स की अर्धशतकीय पारी
वहीं भारत के 90 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तेजी से रन बटोरना शुरू किया और 21 ओवर के खेल में ही दो विकेट खोकर जीत अपने नाम कर ली। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जो बर्न्स ने 51 रनों की नाबाद पारी खेली तो अश्विन ने एक विकेट अपने नाम किया।