पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों के स्कोर का जिक्र करते हुए ट्वीट किया, ‘भूलने का ओटीपी है 49204084041’
सहवाग के आदर्श सचिन तेंदुलकर ने भी स्वीकार किया कि ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को चारों खाने चित्त कर दिया। तेंदुलकर ने लिखा, ‘जिस तरह से भारत ने पहली पारी में बल्लेबाजी और गेंदबाजी की, वे अच्छी स्थिति में थे लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने आज सुबह सचमुच शानदार वापसी की।’ उन्होंने लिखा, ‘यही टेस्ट क्रिकेट की खूबसूरती है। यह तब तक खत्म नहीं होता, जब तक यह पूरा समाप्त नहीं हो जाता। भारत को दूसरी पारी में चित्त कर दिया गया। ऑस्ट्रेलिया को बधाई।’
महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर को लगता है कि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज शानदार थे। गावस्कर ने ‘चैनल सेवन’ से कहा, ‘भारतीय बल्लेबाज जिस तरीके से आउट हुए, उसके लिए उन्हें दोषी ठहराना उचित नहीं होगा क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने लाजवाब गेंदबाजी की।’
मौजूदा बल्लेबाजों की रक्षात्मक कमियों का जिक्र करते हुए पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने कहा, ‘इसमें कोई शक नहीं की 36 रन के स्कोर को अलग पारी के रूप में ही देखा जाएगा और देखा भी जाना चाहिए लेकिन जब भी गेंद का मूवमेंट होता है तो पिछले तीन टेस्ट (न्यूजीलैंड में दो टेस्ट) में भारत का स्कोर - 165, 191, 242, 124, 244, 36 रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘इससे स्पष्ट है कि भारत को अपने रक्षात्मक कौशल में सुधार करने की जरूरत है। आज के माहौल में करने से ज्यादा कहना आसान है।’
ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वार्न ने कहा, ‘वाह। पैट कमिंस और जोश हेजलवुड ने यहां एडीलेड में कितनी शानदार गेंदबाजी की। लाजवाब।’ उन्होंने कहा, ‘भारतीय बल्लेबाजों के लिए सहानुभूति क्योंकि उन्होंने इसकी उम्मीद नहीं की होगी, ऐसा दिन रहा जिसमें बल्लेबाजों ने हर गेंद पर बल्ला स्पर्श किया और इन्हें खेला भी नहीं और सभी चूक गए। अविश्वसवनीय।’
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने टिप्पणी की, ‘बताया था ना... भारत को टेस्ट श्रृंखला में रौंदा जाएगा।’
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आर पी सिंह ने कहा, ‘आज का दिन काफी बुरा रहा, इसमें कोई शक नहीं लेकिन याद रखिए यह चार मैचों की श्रृंखला है। हमने पहले भी वापसी की है और यह टीम भी ऐसा कर सकती है।’
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कहा, 'मुझे भारत का स्कोर देखकर विश्वास नहीं हुआ, मैंने आंख मलकर देखा और हैरान रह गया। यह बेहद खराब बल्लेबाजी थी।'