इंग्लैंड के खिलाफ एडिलेड में खेले जा रहे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली है। अब इस मुकाबले में इंग्लैंड की हार नजर आ रही है। टेस्ट मैच के दौरान मैदान पर फील्डिंग करने उतरे उस्मान ख्वाजा ने दर्शकों का मनोरंजन किया।
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट मैच के चौथे दिन क्रिकेट मैदान पर दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आए। हालांकि ख्वाजा इस टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन शामिल नहीं हैं वह स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर फील्डिंग करने आए थे। इस दौरान फील्डिंग करते वक्त वह दर्शकों के सामने खासकर इंग्लैंड की बार्मी आर्मी के सामने डांस करते नजर आए। उस्मान ख्वाजा का यह डांस वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
डेविन वार्नर की जगह करने आए फील्डिंग
एडिलेड में खेले जा रहे मुकाबले में उस्मान ख्वाजा डेविड वार्नर की जगह मैदान पर फील्डिंग करने आए। ब्रि्स्बेन टेस्ट के दौरान वार्नर की पसलियों में चोट लग गई थी। लेकिन एडिलेड टेस्ट से पहले डेविड वार्नर ने फिटनेस हासिल कर ली थी और उन्होंने मार्कस हैरिस के साथ ऑस्ट्रेलियाई पारी की शुरुआत की। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट प्रशंसकों ने ख्वाजा को उनके डांस के लिए थम्स-अप दिया क्योंकि उनके बीच में थिरकते हुए वीडियो ने सोशल मीडिया पर तूफान मचा दिया।
अगर कोई अऩहोनी न हुई तो एडिलेड डे-नाइट टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की जीत तय है। ब्रिस्बेन में खेले पहले टेस्ट मैच की तरह इंग्लैंड इस दूसरे मुकाबले में भी कोई खास प्रदर्शऩ नहीं कर सका। खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में 8 विकेट पर 182 रन बना लिए हैं और उसे जीतने के लिए अभी 286 रनों की दरकार है। जबकि इंग्लिश टीम के दो विकेट आउट होना शेष है। जोस बटलर इंग्लैंड की तरफ से मैच बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। वह 205 गेंदों पर 26 रन बनाकर खेल रहे हैं। इसके अलावा दूसरे छोर पर स्टुअर्ट ब्रॉड एक रन बनाकर नाबाद हैं।