ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश प्लेइंग 11
- फोटो : ICC
शानदार लय में दिख रही ऑस्ट्रेलिया का सामना शुक्रवार को टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण के ग्रुप एक में बांग्लादेश से होगा। कागजों पर भले ही कंगारू टीम का पलड़ा भारी दिख रहा हो, लेकिन उसे बांग्लादेश के खिलाफ अपना ऑलराउंड खेल दिखाना होगा। ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप चरण में दमदार प्रदर्शन किया था, जबकि बांग्लादेश ने भी अपना प्रभाव छोड़ा था। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को बांग्लादेश को हल्के में लेने से बचना होगा।
घरेलू जमीन पर ऑस्ट्रेलिया को हरा चुका है बांग्लादेश
बांग्लादेश ने 2021 में अपनी घरेलू धरती पर टी20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से हराया था। यहां की परिस्थितियां भी काफी हद तक उपमहाद्वीप से मिलती हैं और ऐसे में किसी भी तरह की ढिलाई ऑस्ट्रेलिया को भारी पड़ सकती है। ऑस्ट्रेलिया के लिए इस तरह की परिस्थितियों में लेग स्पिनर एडम जंपा और ग्लेन मैक्सवेल तथा कामचलाऊ स्पिनर ट्रेविस हेड की भूमिका अहम होगी। यहां की पिच धीमी हैं और ऑस्ट्रेलिया बाएं हाथ के स्पिनर एस्टन एगर को भी प्लेइंग-11 में बनाए रख सकता है। वह निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाज भी साबित हो सकते हैं।
गेंदबाजी में मजबूत है ऑस्ट्रेलिया
परिस्थितियां कैसी भी हों ऑस्ट्रेलिया का मजबूत पक्ष उसका तेज गेंदबाजी आक्रमण है जिसमें पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड शामिल हैं। इन तीनों तेज गेंदबाजों ने अभी तक बल्लेबाजों को खासा परेशान किया है। स्कॉटलैंड के खिलाफ पिछले मैच में नहीं खेलने वाले कमिंस और हेजलवुड इस मैच में वापसी करने के लिए तैयार हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए यह अच्छी खबर है कि कप्तान मिचेल मार्श ने खुद को सुपर आठ चरण में गेंदबाजी करने के लिए फिट घोषित कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी ही नहीं बल्लेबाजी भी काफी मजबूत है। हेड, डेविड वार्नर, मार्श, मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस और टिम डेविड जैसे बल्लेबाज किसी भी तरह के गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस करने का माद्दा रखते हैं।
ऑस्ट्रेलिया को परेशान कर सकते हैं बांग्लादेश के गेंदबाज
बांग्लादेश के पास भी मुस्तफिजुर रहमान, शाकिब अल हसन, महमूदुल्लाह और तस्कीन अहमद जैसे टी20 के माहिर गेंदबाज हैं जो ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को परेशानी में डाल सकते हैं। बांग्लादेश की सबसे बड़ी चिंता हालांकि उसके बल्लेबाजों का लचर प्रदर्शन है। उसके बल्लेबाज अनुभव के मामले में किसी भी अन्य टीम से कम नहीं हैं । लेकिन इस टूर्नामेंट में अभी तक वह अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इसलिए अगर बांग्लादेश को ऑस्ट्रेलिया को कड़ी चुनौती देनी है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...
ऑस्ट्रेलियाः ट्रेविस हेड, डेविड वॉर्नर, मिचेल मार्श (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, टिम डेविड, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, एडम जंपा, जोश हेजलवुड
बांग्लादेशः तंजिद हसन, लिटन दास (विकेटकीपर), नजमुल हुसैन शंटो (कप्तान), शाकिब अल हसन, तौहीद ह्रदोय, महमूदुल्लाह, जाकिर अली, तंजिम हसन साकिब, रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, मुस्ताफिजुर रहमान