अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन बांग्लादेश से होगा। मंगलवार को बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच होने वाले मुकाबले को रद्द कर दिया। एशियन क्रिकेट काउंसिल ने यह फैसला मैच से जुड़े दो अधिकारियों के कोविड-19 संक्रमित होने के कारण लिया। सेमीफाइनल मुकाबले 30 दिसंबर गुरुवार को खेले जाएंगे। भारत के पास बांग्लादेश से अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार का बदला लेने का मौका होगा।
एशियाई क्रिकेट परिषद ने मैच को लेकर अपने बयान में कहा, "एशियाई क्रिकेट परिषद और अमीरात क्रिकेट बोर्ड इस बात की पुष्टि कर सकता है कि एसीसी अंडर-19 एशिया कप का अंतिम ग्रुप-बी मैच आज रद्द कर दिया गया है। इस बात की जानकारी मिली है कि दो अधिकारियों का कोविड-19 परीक्षण कराया गया और वे संक्रमित पाए गए हैं।"
एशियाई क्रिकेट परिषद ने आगे कहा, "दोनों अधिकारी फिलहाल सुरक्षित हैं और टूर्नामेंट को प्रोटोकॉल के अनुसार उनका इलाज किया जा रहा है। इस मैच से जुड़े सभी लोगों का कोविड-19 परीक्षण किया गया है और रिपोर्ट आने तक सबको आइसोलेशन में रखा गया है।"
श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच शुरू हो चुका था मैच
बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच मुकाबले में 32.4 ओवर फेंके जाने के बाद उसे रद्द करने का फैसला लिया गया। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बांग्लादेशी टीम ने चार विकेट पर 130 रन बना लिए थे। मैच रद्द होने पर दोनों टीमों को एक-एक अंक दिए गए। इस तरह बांग्लादेश और श्रीलंका के पांच-पांच अंक हो गए, लेकिन बेहतर नेट रनरेट के आधार पर वह पहले पायदान पर रहा।
भारत अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहा
भारतीय टीम ग्रुप-ए में तीन मैच में से दो जीतने के बाद दूसरे स्थान पर रही। उसे एक मैच में पाकिस्तान ने हराया था। पाकिस्तान तीनों मैच जीतकर छह अंक के साथ पहले पायदान पर रहा। पहले सेमीफाइनल में उसका मुकाबला ग्रुप-बी में दूसरे स्थान पर रहने वाली श्रीलंकाई टीम से होगा। अगर भारत और पाकिस्तान दोनों अपने सेमीफाइनल मैच जीत लेते हैं तो फाइनल में आमने-सामने होंगे।