उर्वशी रौतेला, बाबर आजम और नसीम शाह
- फोटो : सोशल मीडिया
एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले पाकिस्तानी तेज गेंदबाज नसीम शाह इन दिनों चर्चा में हैं। भारत के खिलाफ टी20 में डेब्यू करने वाले नसीम ने पहले ही मैच में कहर बरपा दिया था। उसके बाद सुपर-4 राउंड में अफगानिस्तान के खिलाफ लगातार दो छक्के जड़कर टीम को रोमांचक जीत दिलाई थी। उन्हें बेहतरीन खेल को देखने के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला भी उनकी फैन बन गईं। रौतेला ने इंस्टाग्राम पर एक एडिट किया हुआ वीडियो स्टोरी भी शेयर किया, लेकिन नसीम ने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया है।
उर्वशी ने पिछले दिनों इंस्टाग्राम स्टोरी में नसीम के साथ जो वीडियो शेयर किया था उसमें वह एक फ्रेम में थीं। वहीं, नसीम दूसरे फ्रेम में थे। दोनों एक साथ नहीं थे। उर्वशी द्वारा इंस्टाग्राम स्टोरी में वीडियो शेयर किए जाने चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया था। अब नसीम ने इस मामले पर अपनी सफाई दी है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह उर्वशी के बारे में बात कर रहे हैं।
नसीम ने कहा, ''मुझे तो ऐसा कुछ नहीं पता, मैं तो मैदान पर खेलता हूं। इस तरह लोग वीडियो लोग भेजते रहते हैं। स्टेडियम में आकर जो भी मैच देखते हैं यह उनकी मेहरबानी है। मेरे लिए यह अच्छी बात है कि लोग पसंद कर रहे हैं। कोई भी अगर मेरे लिए आता है तो मैं कौन सा आसमान से आया हुआ हूं। मेरे अंदर ऐसा कुछ खास नहीं है। मुझे कुछ पता नहीं है कि उर्वशी कौन हैं और क्या है। मुझे नहीं पता वीडियो कहां से आया। इस सब चीजों को लेकर मेरी कोई योजना नहीं है। मैं सिर्फ अभी क्रिकेट पर ध्यान देना चाहता हूं।''
नसीम के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने भारत के खिलाफ पहले मैच में 27 रन देकर दो विकेट लिए। उसके बाद हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ सात रन देकर दो विकेट झटके लिए थे। वहीं, भारत के खिलाफ सुपर-4 में वह महंगे साबित हुए। उन्होंने 45 रन देकर एक विकेट लिए थे। वहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ 19 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया था।