फाइनल में दिखेगा असली रंग?
फैंस को फाइनल में उनसे कट्टर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ बड़ी पारी की उम्मीद होगी। हालांकि, सूर्यकुमार यादव का मौजूदा फॉर्म कुछ खास नहीं रहा है। टी20 विश्व कप 2024 के बाद से उनका बल्ला खामोश रहा है। 29 जून 2024 को टी20 विश्व कप का फाइनल खेला गया था। इसके बाद से सूर्यकुमार 20 मैचों की 18 अंतरराष्ट्रीय पारियों में 19.81 की औसत और 148.82 के स्ट्राइक रेट से केवल 317 रन बना पाए हैं। इस दौरान वह केवल तीन बार 30+ का स्कोर पार कर पाए। इनमें श्रीलंका के खिलाफ 58 रन की पारी, बांग्लादेश के खिलाफ 75 रन की पारी और पाकिस्तान के खिलाफ 47* रन की पारी शामिल हैं।
इस एशिया कप में सूर्यकुमार अब तक 7*, 47*, 0 और 5 रन की पारी खेल पाए हैं। ऐसे में भारत चाहेगा कि यह दाएं हाथ का बल्लेबाज श्रीलंका के खिलाफ सुपर-4 के आखिरी मुकाबले और पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। श्रीलंका के खिलाफ उनके पास अपनी खोई लय पाने का सुनहरा मौका है।
एक साल बाद लौटे गिल के SKY से ज्यादा रन
टी20 विश्व कप 2024 फाइनल के बाद भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा रन अभिषेक शर्मा ने बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान 21 पारियों में 37.28 की औसत और 197.72 के स्ट्राइक रेट से 783 रन बनाए हैं। इनमें दो शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा संजू सैमसन 556 रन के साथ दूसरे और तिलक वर्मा 508 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। हार्दिक पांड्या 366 रन के साथ चौथे और शुभमन गिल 354 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं। इसके बाद सूर्यकुमार का नंबर आता है। आश्चर्य की बात तो यह है कि गिल करीब एक साल के अंतराल के बाद टी20 प्रारूप में एशिया कप के जरिये लौटे, लेकिन उनके नियमित खेलने वाले सूर्यकुमार से ज्यादा रन हैं।