टीम इंडिया के युवा विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस समय शानदार फॉर्म में हैं और एशिया कप 2025 में उनका बल्ला रुकने का नाम नहीं ले रहा। अब वे एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड से महज आठ छक्के दूर हैं। उनके पास बहुराष्ट्रीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज (पूर्ण सदस्य राष्ट्रों में) बनने का मौका है। अभिषेक शर्मा के पास अब न सिर्फ खुद को एक बेहतरीन पावर-हिटर के रूप में स्थापित करने का मौका है, बल्कि एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम करने का भी मौका है जिसे तोड़ना किसी के लिए आसान नहीं होगा। आने वाले मुकाबलों में सभी की निगाहें अब उनके बल्ले से निकलते छक्कों पर होंगी।
एशिया कप में लगा चुके 17 छक्के
अभी तक अभिषेक ने एशिया कप 2025 में 17 छक्के लगा दिए हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा एक बहुराष्ट्रीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में सर्वाधिक हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था। उन्होंने 2024 टी20 विश्व कप में 15 छक्के लगाए थे। वहीं, अभिषेक के गुरु युवराज सिंह ने 2007 टी20 विश्व कप में 12 छक्के लगाए थे। अभिषेक इन दोनों दिग्गजों को पीछे छोड़ चुके हैं।
अब इतिहास रचने से चंद कदम दूर
अभिषेक का अगला लक्ष्य है सिकंदर रजा का रिकॉर्ड तोड़ना, जिन्होंने टी20 विश्व कप क्वालिफायर 2023/24 टूर्नामेंट में जिम्बाब्वे के लिए खेलते हुए 24 छक्के लगाए थे। यानी अभिषेक को एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में सिर्फ आठ और छक्के लगाने हैं, और वह आईसीसी के 12 फुल मेंबर नेशंस के खिलाड़ियों में यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे।
किसी एक बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के (फुल मेंबर नेशंस)
- सिकंदर रजा – 24 छक्के (T20 WC क्वालिफायर 2023/24)
- एरॉन फिंच – 19 छक्के (T20 ट्राय सीरीज- ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, जिम्बाब्वे, 2018)
- सिकंदर रजा – 18 छक्के (T20 WC सब रीजनल अफ्रीका क्वालिफायर, 2024/25)
- मार्टिन गुप्टिल – 17 छक्के (T20 ट्राय सीरीज – ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड – 2017/18)
- निकोलस पूरन – 17 छक्के (T20 वर्ल्ड कप 2024)
- अभिषेक शर्मा – 17 छक्के (एशिया कप 2025)
टीम इंडिया के लिए उम्मीद की किरण
अभिषेक शर्मा का इस तरह का प्रदर्शन न सिर्फ टीम इंडिया को ट्रॉफी के करीब ला रहा है, बल्कि ये संकेत भी दे रहा है कि भारत को एक नया 'पावर-हिटर' मिल चुका है, जो दबाव में भी बड़े शॉट लगाने में माहिर है। अगर वे इसी लय में खेलते रहे, तो श्रीलंका के खिलाफ अगला मैच ही उन्हें इतिहास के पन्नों में शामिल कर सकता है। इसके बाद भारत को 28 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल खेलना है।