एशिया कप का फाइनल मुकाबला 17 सितंबर को होने वाला है। यह मैच कोलंबो को आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा। कोलंबो में लगातार बारिश ने आयोजकों को परेशान कर रखा है। खराब मौसम के कारण इस बात की संभावना जताई जा रही है कि खिताबी मुकाबले को कैंडी शिफ्ट किया जा सकता है। एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) फाइनल को दूसरे शहर में कराने पर विचार कर रहा है।
एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान और श्रीलंका के पास है। टूर्नामेंट के 13 मैचों में से चार पाकिस्तान में होने थे। वहां आयोजित होने वाले सभी मुकाबले हो चुके हैं। श्रीलंका को फाइनल सहित नौ मैचों की मेजबानी मिली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एसीसी ने फाइनल को कोलंबो की जगह कैंडी में आयोजित करने के बारे में सोच रही है।
कैंडी में हुए एशिया कप के तीन मैच
कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में एशिया कप के तीन मैच आयोजित हुए हैं। इनमें से एक ही श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मैच पूरा हो पाया था। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। वहीं, भारत और नेपाल के बीच मैच में भी बारिश ने खलल डाला था। इस कारण डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर मैच का फैसला हुआ था।
कोलंबो को मिली है छह मैचों की मेजबानी
कोलंबो को फाइनल सहित छह मैचों की मेजबानी मिली है। श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच सुपर-4 का मुकाबला पूरा हुआ, लेकिन भारत और पाकिस्तान के मैच में बारिश ने खलल डाल दिया। यह मैच रिजर्व डे पर पहुंच गया। इसके अलावा यहां भारत को बांग्लादेश और श्रीलंका से भी खेलना है। वहीं, पाकिस्तान को श्रीलंका से खेलना है। इसके बाद फाइनल होगा। अगर मौसम को लेकर हालात ऐसे ही बने रहे तो फाइनल की मेजबानी कोलंबो के हाथ से जा सकती है।
सुपर-4 में अंक तालिका की क्या है स्थिति?
सुपर-4 की अंक तालिका में पहले स्थान पर पाकिस्तान है। उसके एक मैच में दो अंक हैं। पाकिस्तान का नेट रनरेट +1.051 है। दूसरे पायदान पर श्रीलंका की टीम है। उसके भी एक मैच में दो अंक हैं, लेकिन वह नेट रनरेट में पाकिस्तान से पीछे है। श्रीलंका का नेट रनरेट +0.420 है। तीसरे स्थान पर भारत है। उसे अभी अपना पहला मैच खेलना है। अंक तालिका में सबसे नीचे बांग्लादेश की टीम है। उसके दो मैच में शून्य अंक हैं। वह दोनों मुकाबलों में हार चुका है। उसका नेट रनरेट भी काफी खराब है।