दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया
- फोटो : सोशल मीडिया
स्पिन गेंदबाज एश्टन एगर की शानदार गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को सीरीज के पहले टी-20 मैच में 107 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। एगर ने घातक गेंदबाजी करते हुए हैट्रिक ली। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने छह विकेट के नुकसान पर मेजबानों के सामने 196 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
2018 के बॉल टैंपरिंग विवाद के बाद पहली बार दक्षिण अफ्रीका में खेलने उतरे स्टीव स्मिथ ने कप्तान एरोन फिंच के साथ दूसरे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी की। फिंच ने 27 गेंदों पर 42 रन बनाए और स्मिथ ने 32 गेंदों में 45 रन की पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। सलामी जोड़ी सस्ते में पवेलियन लौट गई। द.अफ्रीका की ओर से सर्वाधिक रन फॉफ डुपलेसी (24) ने बनाए। एश्टन एगर को पांच विकेट मिले।
जांपा ने भी दो विकेट अपने नाम किए। एक विकेट मिचेल स्टार्क और दो विकेट पैट कमिंस के खाते में गए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से दो विकेट डेल स्टेन ने चटकाए, दो विकेट शम्सी को मिले और एक-एक विकेट एंगिडी और एंडिल फेहलुकवेओ को मिला।