एशेज सीरीज के तहत खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया को तगड़ा झटका लगा है। कंगारू टीम के स्टार गेंदबाज जोश हेजलवुड दूसरे मुकाबले से बाहर हो गए हैं। वह चोट की वजह से 16 दिसंबर से एडिलेड में खेले जाने वाले डे/नाइट टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके पीठ में दर्द है इसलिए उन्होंने दूसरे टेस्ट से दूर रहने का फैसला किया है। उनकी जगह झाय रिचर्डसन को टीम में शामिल किए जाने की उम्मीद है। हालांकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से अभी तक जोश हेजलवुड के रिप्लेसमेंट का एलान नहीं किया गया है।
पीठ की दर्द से परेशान हैं हेजलवुड
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हेजलवुड अपने घर सिडनी चले गए हैं। वह जिस फ्लाइट से अपने घर गए उसमें अकेले थे उनके अलावा टीम का दूसरा कोई खिलाड़ी उसमें नहीं था। उन्होंने कप्तान पैट कमिंस को अपनी चोट के बार में सूचना पहले ही दी थी। बिस्बेन में पहला टेस्ट मैच समाप्त होने के बाद कप्तान कमिंस ने कहा था कि हेजलवुड चोटिल हैं और उनकी चोट पर नजर रखी जा रही है। वह अपनी पीठ में दर्द से परेशान हैं।
ब्रिस्बेन टेस्ट में ऐसा रहा हेजलवुड का प्रदर्शन
ब्रिस्बेन में खेले गए एशेज सीरीज के पहले मुकाबले में जोश हेजलवुड ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में दो विकेट झटके थे। उन्होंने यह दोनों विकेट 42 रन देकर आउट किए। इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने एक विकेट लिए। इस तरह से उन्होंने पहले टेस्ट में कुल तीन विकेट अपने नाम किए। वहीं अगर उनके टेस्ट करियर की बात की जाए तो हेजलवुड ने अब तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 56 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें 215 विकेट लेने में सफलता प्राप्त की है। टेस्ट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 67 रन देकर 6 विकेट है। दूसरे टेस्ट में उनका न खेलना ऑस्ट्रेलिया के लिए झटका माना जा रहा है।