भारत के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के अर्जुन तेंदुलकर ने क्रिकेट के मैदान पर अपनी उपयोगिता साबित की है। अर्जुन ने डॉ. (कैप्टन) के थिमप्पैया स्मारक टूर्नामेंट में मेजबान कर्नाटक के खिलाफ नौ विकेट झटक कर गोवा को पारी और 189 रन से बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अर्जुन ने इस मैच की दोनों पारियों में 26.3 ओवर फेंके और 87 रन देकर नौ विकेट लिए।
घरेलू सत्र से पहले होने वाले इस आयोजन को केएससीए (कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ) आमंत्रण टूर्नामेंट के नाम से भी जाना जाता है। केएससीए एकादश की टीम में निकिन जोश और विकेटकीपर शरत श्रीनिवास के अलावा सभी खिलाड़ी अंडर 19 और अंडर 23 टीम के थे। अर्जुन ने पहली पारी में 13 ओवर में 41 रन देकर पांच विकेट लिए जिससे कर्नाटक की टीम महज 103 रन पर सिमट गई। गोवा सीए एकादश ने अभिनव तेजराणा की 109 रन की पारी के दम पर 413 रन बनाए।
केएससीए की दूसरी पारी 30.4 ओवर में 121 रन पर सिमट गई। अर्जुन ने इस दौरान 13.3 ओवर में 46 रन देकर चार विकेट लिए। अर्जुन ने प्रथम श्रेणी के 13 मैचों में 21 विकेट लिए हैं। मालूम हो कि अर्जुन आईपीएल में मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधत्व करते हैं। उन्होंने मुंबई के लिए पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ खेला था, लेकिन विकेट लेने में असफल रहे थे। अर्जुन ने अपना पहला विकेट भुवनेश्वर कुमार के रूप में लिया था जब मुंबई का सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबला हुआ था। अर्जुन अब तक पांच आईपीएल मैचों में 9.37 की इकोनॉमी रेट से तीन विकेट ले चुके हैं।