बुधवार को सचिन तेंदुलकर के बेटे ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो चोटिल हो गए हैं। इसके पीछे कारण सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर बताए जा रहे हैं। सचिन के बेटे अर्जुन की एक गेंद से बेयरस्टो के पैर में लग गई थी।
अंग्रेजी अखबार डेली मेल के अनुसार, 17 वर्षीय अर्जुन के एक यॉर्कर से बेयरस्टो के पैर की उंगली में चोट लग गई। यह हादसा प्रैक्टिस सत्र के दौरान हुआ। बता दें कि बुधवार को इंग्लैंड को साउथ अफ्रीका के खिलाफ लॉर्ड्स में पहला टेस्ट खेलना है। अर्जुन मुंबई के लिए अंडर-14 और अंडर-16 में खेल चुके हैं। 6 फुट से लंबे अर्जुन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं।
हाल ही में अर्जुन को चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान साउथ अफ्रीकी टीम के साथ नेट्स में देखा गया था। अर्जुन हर साल अपनी गर्मी की छुट्टियां लंदन में ही मनाते हैं और साथ ही अपनी तकनीक को भी तेज करते हैं। इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका को चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। ऐसे में बेयरस्टो का पहले ही मैच से पहले चोटिल होना, मेजबान टीम के लिए बहुत बड़ा खतरा है।