भारत बनाम इंग्लैंड अंडर 19 विश्व कप फाइनल मुकाबला
- फोटो : अमर उजाला
यश धुल की अगुवाई में भारतीय टीम अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में पहुंच चुकी है। शनिवार को खिताबी मुकाबले में भारत का सामना टॉम प्रेस्ट की इंग्लैंड टीम से होगा। यह मैच एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम अंडर-19 विश्व कप चार बार (2000, 2008, 2012 और 2018) जीत चुकी है, वहीं इंग्लैंड की टीम ने सिर्फ एक बार (1998) ये खिताब जीता है।
फाइनल मुकाबले के लिए सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम की पिच कैसी होगी? क्या शनिवार को एंटीगुआ में बारिश होगी? विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में वनडे क्रिकेट में आंकड़े क्या कहते हैं?
हम आपको इन सभी सवालों के जवाब देने जा रहे हैं...
एंटीगुआ में मौसम कैसा रहेगा?
अंडर-19 विश्व कप के आखिरी दिन शनिवार (5 फरवरी) को एंटीगुआ में मौसम ठीक-ठाक रहेगा। चिंताजनक रूप से, एंटीगुआ में फाइनल मुकाबले के दिन सुबह, शाम और रात में बारिश की संभावना जताई गई है। शनिवार को एंटीगुआ में बारिश की 40 प्रतिशत संभावना है। ऐसे में मैच के दौरान बीच-बीच में बारिश परेशानी का सबब बन सकती है।
एंटीगुआ पिच रिपोर्ट
सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में गेंदबाजी के दो छोर हैं- एंडी रॉबर्ट्स एंड और कर्टली एम्ब्रोस एंड। नॉर्थ साउंड की पिच हमेशा से गेंदबाज और बल्लेबाज दोनों के लिए मददगार रही है। फाइनल में भी पिच बेहद संतुलित रहेगी। वनडे में इस पिच पर औसतन स्कोर 239 रन का रहा है। आउटफील्ड यहां तेज है और बल्लेबाज इस मैदान में अच्छे शॉट्स पर खूब रन बना सकेंगे।
सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में वनडे के आंकड़े
कुल मुकाबले: 20
पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती: 10
बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती: 10
औसतन स्कोर: 239
उच्चतम स्कोर: 322/6 (ऑस्ट्रेलिया)
न्यूनतम स्कोर: 104/6
200 से 300 के बीच स्कोर बनाती है टीमें
सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम की पिच पर 200 से कम स्कोर पांच बार बने हैं। वहीं, छह बार टीमें 200 से 249 के बीच का स्कोर बना पाई हैं। 250 से 299 का स्कोर छह बार बना है। वहीं, तीन बार ही कोई भी टीम 300 या इससे ज्यादा का स्कोर बना पाई है।