अनिल कुंबले के टीम इंडिया के कोच पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुए पद को भरने के लिए बीसीसीआई ने फिर से कवायद शुरू की। सबसे पहले बोर्ड ने आवेदन की तारीख को बढ़ाकर 9 जुलाई किया। ऐसे में रवि शास्त्री के कोच पद की दौड़ में शामिल होने की खबर आई। लेकिन इस दौरान एक रोचक मामला सामने आया है। एक मैकेनिकल इंजीनियर ने कोच पद के लिए बोर्ड के पास अपना आवेदन भेजा है। पीटीआई की खबर के मुताबिक एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने वाले उपेन्द्र नाथ ब्रम्हचारी ने अपना सीवी बीसीसीआई के ईमेल पर भेजा है।
ब्रम्हचारी ने कहा, महान क्रिकेटर अनिल कुंबले के कोच पद से इस्तीफा देने के बाद मुझे महसूस हुआ कि टीम इंडिया के कप्तान एक लीजेन्ड को कोच के रूप में नहीं देखना चाहते हैं इसलिए मैंने कोच पद के लिए आवेदन करने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्होंने लिखा, वह विराट के घंमडी रवैये का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वह धीरे-धीरे विराट को पटरी पर वापस ले आएंगे। उन्होंने कहा, यदि क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी एक बार फिर कोच के रूप में किसी दिग्गज खिलाड़ी का चयन करते हैं तो इस बात की संभावना प्रबल है कि उनके साथ भी कुंबले जैसा व्यवहार होगा।