10 जुलाई को जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में टीम इंडिया के कई धुरंधर फ्लॉप हो गए और जिम्बाब्वे जैसी कमजोर टीम के खिलाफ 200 का स्कोर पार करने के लिए बड़ी जद्दोजहद करनी पड़ी।
लेकिन इस बीच टीम इंडिया के दो बल्लेबाजों अंबाती रायडू और स्टुअर्ट बिन्नी की करिश्माई पार्टनरशिप ने टीम के 10 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इस मुकाबले में रायडू (नाबाद 124 ) ने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली जबकि बिन्नी ने 77 रनों की शानदार पारी खेली।
दरअसल, 4 सितंबर 2005 को टीम इंडिया जिम्बाब्वे के खिलाफ इसी मैदान में आमने-सामने थी। सौरव गांगुली की कप्तानी में टीम इंडिया के दो सितारे महेंद्र सिंह धोनी (वर्तमान वनडे कप्तान) और युवराज सिंह ने छठे विकेट के लिए 158 रनों की साझेदारी की थी।