अमर उजाला और लीजेंड्स लीग क्रिकेट की ओर से आयोजित की जा रही एलएलसी टेन-10 लीग का आज से आगाज हो गया। इस लीग के जरिये क्रिकेट का रोमांच फैंस के सिर चढ़कर बोलने को तैयार है। गुरुवार को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक इस लीग का उद्घाटन किया। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के पूर्व गेंदबाज ब्रेट ली और वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज क्रिस गेल मौजूद रहे। वहीं, मशहूर गायक स्वरूप खान ने अपने आवाज से समां बांधा। इस लीग में कुल 24 मैच खेले जाएंगे। ग्रुप स्टेज से लेकर 22 फरवरी को होने वाले फाइनल तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम में रौनक रहने वाली है। आइए केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बारे में आपको बताते हैं...
फैंस का विशेष तौर पर रखा जाएगा ध्यान
केडी सिंह बाबू स्टेडियम को पहले सेंट्रल स्पोर्ट्स स्टेडियम के नाम से जाना जाता था। यह एक बहुउद्देश्यीय स्टेडियम है। इसका नाम प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी केडी सिंह के नाम पर रखा गया है। स्टेडियम का निर्माण 68 साल पहले यानी 1957 में हुआ था और यह लखनऊ के हजरतगंज इलाके के परिवर्तन चौक के पास स्थित है । इस स्टेडियम में 25 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है। एलएलसी टेन 10 लीग के लिए खिलाड़ियों के लिए खास तौर पर डग आउट बनाया गया है। साथ ही फैंस की तमाम सुख सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। फैंस के अनुभव को खास बनाने के लिए हर सुविधा मुहैया कराई गई है। ओपनिंग समारोह में ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज ब्रेट ली, वेस्टइंडीज के क्रिस गेल समेत तमाम बड़े स्टार्स पहुंचेंगे। गायक स्वरूप खान इस ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म भी करते नजर आएंगे।
LLC टेन-10 का पूरा शेड्यूल देखने के लिए यहां क्लिक करें...
स्टेडियम ने अंतरराष्ट्रीय मैचों की भी मेजबानी की
इस स्टेडियम ने कुछ अंतरराष्ट्रीय मैचों की भी मेजबानी की है। आइए उन मैचों पर नजर डालते हैं...
- 1989 में एमआरएफ वर्ल्ड सीरीज ( नेहरू कप ) टूर्नामेंट के दौरान इस मैदान पर पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मुकाबला खेला गया था। पाकिस्तान ने इस मैच में श्रीलंका को छह रनों से हराया था। इमरान खान मैन ऑफ द मैच रहे थे। यह इस मैदान पर खेला गया एकमात्र वनडे मैच भी है।
- 1993/94 सत्र के दौरान श्रीलंका के भारत दौरे का पहला टेस्ट इसी मैदान पर खेला गया था। इस मैच में भारत ने पारी और 119 रन से जीत दर्ज की थी। यह इस मैदान पर पुरुषों की राष्ट्रीय टीम द्वारा खेला गया आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच भी था। भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। नयन मोंगिया ने अपना डेब्यू किया था और अनिल कुंबले मैन ऑफ द मैच रहे था। यह पांच दिन का टेस्ट मैच था, लेकिन टेस्ट के चौथे दिन (21 जनवरी 1994) को आराम का दिन चुना गया और कोई खेल नहीं हुआ था।
- महिला क्रिकेट का भी यहां पर आयोजन हुआ है। महिलाओं का पहला टेस्ट 21 नवंबर 1976 से खेला गया था। वहीं, इस मैदान पर महिलाओं का पिछला टेस्ट मैच 14 जनवरी 2002 को खेला गया था। महिलाओं का पहला वनडे 5 दिसंबर 1995 को खेला गया था, जबकि पिछला वनडे 1 दिसंबर 2005 को खेला गया था।
मैदान पर बन चुके कई रिकॉर्ड्स
इस मैदान पर तब कई रिकॉर्ड्स भी बने थे। महिला क्रिकेट में इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज कैरोलिन एटकिंस और एरन ब्रिंडल (उर्फ एरन थॉम्पसन) ने इस स्टेडियम में भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने तक बिना किसी नुकसान के 150 रन बनाकर इंग्लैंड के लिए ओपनिंग साझेदारी का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा था।
पुरुषों के टेस्ट में सबसे ज्यादा स्कोर भारत ने बनाया है। भारतीय टीम ने इस मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ एक पारी में 511 रन बनाए थे। इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर (142) ने बनाए हैं। उसके बाद नवजोत सिद्धू (124) और रोशन महानामा (118) का नाम आता है। इस मैदान पर सबसे ज्यादा विकेट अनिल कुंबले (11) ने लिए और उसके बाद मुथैया मुरलीधरन (5) और वेंकटपति राजू (3) का नाम आता है।
वनडे में सबसे ज्यादा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम है। उसने यहां श्रीलंका के खिलाफ 219/6 का स्कोर बनाया था। इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन इमरान खान (84) ने बनाए। उसके बाद अरविंदा डी सिल्वा (83) और हसन तिलकरत्ने (71) का नाम आता है। वसीम अकरम , अब्दुल कादिर और अकरम रजा ने वनडे में इस मैदान पर दो-दो विकेट लिए हैं।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में एलएलसी टेन-10 का तड़का
अब इस मैदान पर टेनिस बॉल क्रिकेट का तड़का लगने वाला है। एलएलसी टेन-10 की 12 टीमें फाइनल में पहुंचने और ट्रॉफी जीतने के लिए जोर लगाएंगी। उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी टेनिस बॉल क्रिकेट लीग का उत्साह फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। इस मैच को फैंस बिना किसी एंट्री फीस के स्टेडियम में जाकर देख सकेंगे। साथ ही इसका लाइव प्रसारण प्रसार भारती के ओटीटी प्लेटफॉर्म Waves पर होगा। फैंस इसे फ्री में स्ट्रीम कर सकते हैं। सबसे दिलचस्प यह है कि 12 टीमों के मेंटर क्रिस गेल, हरभजन सिंह, सुरेश रैना और ब्रेट ली हैं। लीग के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा हैं, जबकि लीग कमिश्नर जोंटी रोड्स हैं।
तीन ग्रुप में बांटी गई हैं 12 टीमें
इस टूर्नामेंट के लिए 12 टीमों को तीन ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-1 में झांसी, नोएडा, गाजियाबाद और वाराणसी की टीमें हैं। वहीं, ग्रुप-2 में मेरठ, मुरादाबाद, केरासा लखनऊ और डे स्प्रिंग ईगल्स लखनऊ की टीमें हैं। ग्रुप-3 में मथुरा, कानपुर, आगरा और बरेली की टीमें हैं। ग्रुप स्टेज में कुल 18 मैच खेले जाएंगे। वहीं, नॉकआउट राउंड में फाइनल समेत छह मैच खेले जाएंगे। कुल मिलाकर 24 मैच खेले जाएंगे। इतना ही नहीं, इस लीग में सितारों का भी जमावड़ा लगेगा। 21 फरवरी को दिग्गज गायक जावेद अली लाइव परफॉर्म करेंगे, जबकि 22 फरवरी को फाइनल वाले दिन दिग्गज गायक कैलाश खेर अपने बैंड के साथ परफॉर्म करेंगे। उन्होंने भी इस टूर्नामेंट को शुभकामना संदेश भेजा है।