आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले में आरोपी क्रिकेटर अजीत चंदीला को तीन दिन की पूछताछ के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने चंदीला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दूसरी ओर, अजीत सहित पांच आरोपियों की जमानत पर सुनवाई 22 जून को होगी।
पुलिस ने चंदीला को वेकेशन जज राजेंद्र कुमार शास्त्री की अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की। अदालत ने चंदीला को 12 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अब चंदीला को अन्य आरोपियों के साथ दो जुलाई को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने आईपीएल मामले में मकोका लगाने के बाद कई बुकी को गिरफ्तार किया था। उनसे मिले सबूतों की पुष्टि के लिए पुलिस ने सोमवार को चंदीला को तीन दिन के रिमांड पर लिया था। क्रिकेटर चंदीला के अलावा बुकी रमेश व्यास, सुनील भाटिया, फिरोज अंसारी, दीपक कुमार उर्फ दीपू व पूर्व रणजी खिलाड़ी बाबू राव यादव भी दो जुलाई तक न्यायिक हिरासत में हैं।
बुकी फिरोज अंसारी के अलावा अन्य आरोपियों की जमानत याचिका पर 22 जून को सुनवाई होनी है। फिरोज ने अभी तक जमानत याचिका दायर नहीं की है। एक अन्य बुकी अश्विनी अग्रवाल उर्फ टिंकू मंडी मुंबई पुलिस की हिरासत में है। अदालत ने पेशी वारंट जारी कर उसे 22 जून को पेश करने का निर्देश दिया है।