भारत में दो-दो विश्व कप (2021 टी-20 और और 2023 वन-डे) खेलने से पहले वीजा का लिखित आश्वासन चाहने वाले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को BCCI ने करार जवाब दिया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से आतंकी हमला न होने की गारंटी देने की बात कही है।
न्यूज एजेंसी से बात करते हुए बीसीसीआई अधिकारियों ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के नियम साफ तौर पर कहते हैं कि खेल में कोई सरकारी दखलअंदाजी नहीं होनी चाहिए। बोर्ड अधिकारियों ने पीसीबी से पूछा है कि क्या सीमा पार से घुसपैठ नहीं होगा और सीजफायर का उल्लंघन भी नहीं होगा। इस बात की गारंटी देनी चाहिए कि दूसरा पुलवामा हमला नहीं होगा।
इसके पहले पीसीबी ने आईसीसी से कहा था कि वह बीसीसीआई से लिखित आश्वासन ले कि उसकी टीम को भारत में 2021 टी-20 विश्व कप और 2023 में होने वाले 50 ओवर के विश्व कप में खेलने के लिए वीजा हासिल करने में किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पीसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वसीम खान ने ‘यूट्यूब क्रिकेट बाज’ चैनल को दिए एक साक्षात्कार में कहा था, ‘हम इस तथ्य को भी देख रहे हैं कि भारत में 2021 और 2023 में आईसीसी विश्व कप की मेजबानी की जानी है और हमने पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद से कहा है कि हमें बीसीसीआई से लिखित आश्वासन दिलाए कि हमें वीजा हासिल करने और भारत में खेलने की मंजूरी के संबंध में किसी समस्या का सामना नहीं करना होगा।'