आईसीसी ने हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मैच अधिकारियों की सूची जारी की थी। इसमें भारत के नितिन मेनन का नाम शामिल नहीं था क्योंकि उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए चैंपियंस ट्रॉफी में शामिल नहीं होने की इच्छा जताई थी। अब आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ भी इसका हिस्सा नहीं होंगे। इस आईसीसी टूर्नामेंट का आयोजन 19 फरवरी से पाकिस्तान और दुबई में होना है।
आईसीसी ने अधिकारियों की सूची घोषित की
आईसीसी ने बुधवार को 15 मैच अधिकारियों की सूची की घोषणा की थी जिसमें तीन मैच रेफरी और 12 अंपायर शामिल हैं जो 19 फरवरी को कराची में शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के अधिकारी होंगे जिसका फाइनल नौ मार्च को होगा। ऑस्ट्रेलिया के डेविड बून, श्रीलंका के रंजन मदुगले और जिम्बाब्वे के एंड्रयू पाइक्रॉफ्ट को आठ टीमों के टूर्नामेंट के लिए मैच रेफरी के रूप में नामित किया गया है। टूर्नामेंट के लिए चुने गए तीनों मैच रेफरी अनुभवी हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, श्रीनाथ ने चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान ब्रेक मांगा है। इस रिपोर्ट के हवाले से उन्होंने कहा, हां, मैंने ब्रेक की मांग की है क्योंकि नवंबर, दिसंबर और जनवरी के महीने में मैं घर से काफी दिन दूर रहा हूं।
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मैच अधिकारी:
अंपायर: कुमार धर्मसेना, क्रिस गैफनी, माइकल गॉ, एड्रियन होल्डस्टॉक, रिचर्ड इलिंगवर्थ, रिचर्ड केटलबोरो, अहसान रजा, पॉल रीफेल, शारफुद्दौला इब्ने शाहिद, रॉडनी टकर, एलेक्स व्हार्फ, जोएल विल्सन।
मैच रेफरी: डेविड बून, रंजन मदुगले, एंड्रयू पाइक्रॉफ्ट।
आठ टीमें हिस्सा लेंगी
चैंपियंस ट्रॉफी में आठ टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 15 मैच होंगे। इस बार मैचों की मेजबानी पाकिस्तान और दुबई करेंगे। भारतीय टीम के सभी ग्रुप स्टेज के मुकाबले दुबई में खेले जाएंगे। वहीं, बाकी टीमों के मैच पाकिस्तान में ही खेले जाएंगे। यह टूर्नामेंट 19 दिनों तक चलेगा जिसकी शुरुआत 19 फरवरी से होगी। पाकिस्तान में रावलपिंडी, लाहौर और कराची मैचों की मेजबानी करेंगे। पाकिस्तान के हर एक मैदान पर तीन-तीन ग्रुप मैच खेले जाएंगे। भारत से जुड़े तीन ग्रुप मैच और पहला सेमीफाइनल दुबई में खेला जाएगा।