अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नावेद जादरान न्यूजीलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से चोट के कारण बाहर हो गए हैं। अफगानिस्तान को नौ सितंबर से ग्रेटर नोएडा में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच खेलना है। दोनों टीमों के बीच पहली बार टेस्ट मैच होगा। हालांकि, इस मैच से पहले ही अफगानिस्तान को झटका लगा और उसे युवा तेज गेंदबाज जादरान की सेवाएं नहीं मिल सकेंगी।
जादरान को चोट के कारण तीन-चार सप्ताह तक आराम की सलाह दी गई है। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि जादरान यूएई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले फिट हो जाएंगे। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने हालांकि जादरान के रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है।
राशिद भी टीम से हैं बाहर
अफगानिस्तान के लिए यह दोहरे झटके जैसा है क्योंकि टीम के नियमित कप्तान राशिद खान भी न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। राशिद को डॉक्टरों ने एक साल तक लंबे प्रारूप में नहीं खेलने की सलाह दी है क्योंकि पिछले साल उनके पीठ का ऑपरेशन हुआ था। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच को देखते हुए 20 सदस्यीय शुरुआती टीम तैयारी शिविर में हिस्सा ले रही है और बोर्ड इनके प्रदर्शन के आधार पर 15 सदस्यीय टीम की घोषणा करेगा। न्यूजीलैंड की टीम इस मुकाबले के लिए भारत पहुंच चुकी है और उनका भव्य स्वागत किया गया था।
अफगानिस्तान की शुरुआती टीमः हशमातुल्लाह शाहीदी (कप्तान), इब्राहिम जादरान, रियान हसन, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, बहीर शाह महबूब, इकराम अलीखेल (विकेटकीपर), शाहिदुल्लाह कमल, गुलबदिन नईब, अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमातुल्लाह ओमरजई, जियाउरहमान अकबर, शम्सुरहमान, कईस अहमद, जाहीर खान, निजत मसूद, फरीद अहमद मलिक, खलील अहमद और यमा अरब।
अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के लिए न्यूजीलैंड टीमः टिम साउदी (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, मैट हेनरी, टॉम लाथम (उपकप्तान), डेरिल मिचेल, विल ओ रोउर्के, एजाज पटेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिचेल सैंटनर, बेन सिएर्स, केन विलियमसन, विल यंग।