अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड की टीम इन दिनों भारत दौरे पर है। दोनों के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला नौ सितंबर से उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में खेला जाएगा। सोमवार से शुरू होने जा रहे इस मैच में कीवी टीम अफगानिस्तान की लंबी अवधि के प्रारूप में अनुभवहीनता का फायदा उठाना चाहेगी। इसके अलावा न्यूजीलैंड विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत होने वाले मैचों के लिए लय हासिल करने का लक्ष्य लेकर उतरेगी।
उपमहाद्वीप में अच्छा नहीं है न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड का अफगानिस्तान के खिलाफ यह पहला टेस्ट मैच होगा जो उनके लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण है। न्यूजीलैंड की टीम को उपमहाद्वीप की मुश्किल परिस्थितियों में छह टेस्ट मैच खेलने हैं। पिछले 40 वर्षों में यह पहला मौका होगा जब टीम उपमहाद्वीप में इतने अधिक टेस्ट खेलेगी। दरअसल, उपमहाद्वीप के मैदानों पर न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। टीम ने यहां 90 मैच खेले हैं, उनमें से 40 मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में टीम इस रिकॉर्ड में सुधार करने के का लक्ष्य लेकर उतरेगी।
फॉर्म में आने को बेताब विलियमसन
अनुभवी बल्लेबाज केन विलियमसन ने परिस्थितियों के अनुरूप ढलने की जरूरत पर जोर दिया है। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य अगले महीने भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए अच्छी तरह से तैयार होना है। उपमहाद्वीपों की पिचें स्पिनर्स के लिए मददगार होती हैं। माना जा रहा है कि न्यूजीलैंड की टीम इसके लिए पूरी तैयार है। उनके खेमें में पांच स्पिनर शामिल हैं।
न्यूजीलैंड को रचिन रवींद्र के बल्ले और गेंद से अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है। इनके अलावा ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स, मिशेल सेंटनर और माइकल ब्रेसवेल टीम में शामिल अन्य स्पिनर हैं। मैट हेनरी इस समय न्यूजीलैंड के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज हैं लेकिन कप्तान टिम साउदी की टेस्ट फॉर्म में गिरावट चिंता का विषय होगी।
अफगानिस्तान के लिए होगी चुनौती
अफगानिस्तान ने 2017 में टेस्ट दर्जा हासिल किया था और उसका यह केवल दसवां टेस्ट मैच होगा। उसे पिछले तीन मैच में बांग्लादेश, श्रीलंका और आयरलैंड से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन वह इससे पहले आयरलैंड, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे को हरा चुका है। अफगानिस्तान के अधिकतर खिलाड़ी टी20 क्रिकेट के विशेषज्ञ हैं और उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती लंबी अवधि के प्रारूप की परिस्थितियों के अनुकूल ढलना होगी।
यहां हम आपको अफगानिस्तान बनाम न्यूजीलैंड मैच के लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं..
कब होगा अफगानिस्तान बनाम न्यूजीलैंड मैच?
अफगानिस्तान बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट मैच 9 सितंबर (सोमवार) से उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में शुरू होगा।
किस समय शुरू होगा अफगानिस्तान बनाम न्यूजीलैंड मैच?
अफगानिस्तान बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा।
कहां होगा अफगानिस्तान बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट मैच का सीधा प्रसारण कहां होगा?
अफगानिस्तान बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट मैच का भारत में सीधा प्रसारण नहीं होगा।
अफगानिस्तान बनाम न्यूजीलैंड की लाइव स्ट्रीमिंग कहां होगी?
अफगानिस्तान बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट मैच की लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड ऐप पर होगी। इसके अलावा इस मुकाबले की पल-पल की जानकारी आप अमर उजाला की वेबसाइट पर प्राप्त क सकते हैं।
एकमात्र टेस्ट मुकाबले के लिए दोनों टीम इस प्रकार हैं:
अफगानिस्तान: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, अब्दुल मलिक, रियाज हसन, अफसर जजई (विकेटकीपर), इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), बहिर शाह, शाहिदुल्लाह कमाल, अजमतुल्लाह उमरजई, शम्स उर रहमान, जिया-उर-रहमान , ज़हीर खान, क़ैस अहमद, खलील अहमद और निजात मसूद।
न्यूजीलैंड: टिम साउदी (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, मैट हेनरी, टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, विल ओ’रूर्के, अजाज पटेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिशेल सेंटनर, बेन सियर्स, केन विलियमसन, विल यंग।