फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ro-Ko: 'रोहित और कोहली के विश्व कप में खेलने की गारंटी नहीं', आरसीबी के इस पूर्व बल्लेबाज का चौंकाने वाला दावा

Tue, 07 Oct 2025 06:50 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

एबी डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कोहली और रोहित के भविष्य पर चर्चा करते हुए कहा कि शुभमन गिल को वनडे कप्तान बनाना इस बात का संकेत है कि भारतीय चयनकर्ता धीरे-धीरे इन दोनों दिग्गजों से आगे बढ़ने की सोच रहे हैं। 
विज्ञापन
रोहित और कोहली - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने भारतीय क्रिकेट टीम के दो दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा की 2027 वनडे विश्व कप में भागीदारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि इन दोनों खिलाड़ियों का अगले विश्व कप में खेलना निश्चित नहीं है। कोहली और रोहित 19 अक्तूबर से शुरू होने वाली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम में वापसी करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, भारतीय टीम प्रबंधन 2027 विश्व कप की तैयारियों में युवा खिलाड़ियों को मौके देने की योजना बना रहा है, जिसके चलते इन दोनों दिग्गजों के भविष्य को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
विज्ञापन

डिविलियर्स ने गिल को कप्तान बनाए जाने पर रखी राय
एबी डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कोहली और रोहित के भविष्य पर चर्चा करते हुए कहा कि शुभमन गिल को वनडे कप्तान बनाना इस बात का संकेत है कि भारतीय चयनकर्ता धीरे-धीरे इन दोनों दिग्गजों से आगे बढ़ने की सोच रहे हैं। डिविलियर्स ने कहा, यह गारंटी नहीं है कि कोहली और रोहित अगले विश्व कप में खेलेंगे। शुभमन गिल को कप्तान बनाना शायद इसी सोच का हिस्सा है। गिल युवा हैं, शानदार फॉर्म में हैं और एक बेहतरीन लीडर हैं। यह सही कदम है कि रोहित और विराट अभी भी टीम में हैं। गिल को इन दो अनुभवी और दिग्गज खिलाड़ियों से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। यह उनके लिए फायदेमंद होगा, खासकर आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए। हमें इस सीरीज में रोमांचक और शानदार क्रिकेट देखने को मिलेगा।

डिविलियर्स ने कहा कि कोहली और रोहित को 2027 विश्व कप तक अपनी फॉर्म और फिटनेस बनाए रखनी होगी, जो उनके लिए आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा, दोनों खिलाड़ी अभी वनडे टीम का हिस्सा हैं। मुझे लगता है कि वे एक और विश्व कप खेलने की इच्छा रखते हैं। यह देखना शानदार है, लेकिन ईमानदारी से कहूं तो यह उनकी फॉर्म और क्रिकेट खेलने की निरंतरता पर निर्भर करेगा। 2027 तक खेलने के लिए उन्हें बहुत मेहनत करनी होगी। यह ज्यादा दूर नहीं है, लेकिन इतना करीब भी नहीं है। उन्हें बहुत सारा क्रिकेट खेलना होगा और रन बनाने होंगे। भले ही वे कितने बड़े दिग्गज खिलाड़ी क्यों न हों, रोहित और विराट को अपनी जगह साबित करनी होगी। 

आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय जर्सी में दिखे थे रोहित-कोहली
विराट कोहली ने इस साल की शुरुआत चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने ग्रुप चरण में पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाया और सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 84 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। दूसरी ओर, रोहित शर्मा पूरे टूर्नामेंट में बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए थे, लेकिन उन्होंने फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 76 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित-कोहली पर होगी नजरें
चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को जीत दिलाने के बावजूद रोहित शर्मा को वनडे कप्तानी से हटा दिया गया और उनकी जगह शुभमन गिल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कप्तानी के बोझ से मुक्त होने के बाद रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी सीरीज में कैसा प्रदर्शन करते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में कोहली और रोहित के प्रदर्शन पर सभी की नजरें होंगी। यह सीरीज न केवल उनकी फॉर्म का आकलन करेगी, बल्कि यह भी तय करेगी कि क्या वे 2027 विश्व कप तक भारतीय टीम का हिस्सा बने रह सकते हैं। डिविलियर्स के बयान ने इस चर्चा को और हवा दे दी है कि क्या ये दोनों दिग्गज अगले विश्व कप तक अपनी जगह बरकरार रख पाएंगे? 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें