ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कुछ सीनियर खिलाड़ियों ने टीम के साथ विदेशी दौरे पर सीमित ओवरों की सीरीज के लिए जाने से इनकार कर दिया है। उनके इस फैसले पर कंगारू टीम के कप्तान आरोन फिंच ने हैरानी जताई है। ऑस्ट्रेलिया के वनडे और टी-20 कप्तान फिंच ने कहा, ऐसे क्रिकेटरों को स्थगित किए गए आईपीएल के दूसरे सत्र में अपने आपको सही ठहराना काफी मुश्किल होगा।
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के दौरे पर जाना है। ऐसे में कंगारू टीम के सात क्रिकेटरों ने इस दौरे से पीछे हट गए हैं। इन खिलाड़ियों में सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर, तेज गेंदबाज पैट कमिंस, ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल के अलावा झाय रिचर्डसन, केन रिचर्डसन, मार्कस स्टोइनिस और डेनियल सैम्स शामिल हैं।
क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू ने एसईएन रेडियो को हवाले से कहा, फिंच ने दूसरे खिलाड़ियों के इस फैसले पर हैरानी जताई। सीमित ओवरों के ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के मुताबिक, मैंने उन सभी खिलाड़ियों से बात की, मुझे थोड़ा आश्चर्य हुआ लेकिन इसे समझा जा सकता है। उन्होंने आगे कहा, मेरा मानना था कि वे सब टीम के साथ होते।
वहीं जब आरोन फिंच से दौरे पर न जाने वाले इन खिला़ड़ियों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि उन्हें आईपीएल के बचे सत्र में खेलने को सही ठहराना मुश्किल होगा। क्योंकि आऩे वाले टी-20 विश्व कप और घरेलू सत्र के लिए कार्यभार काफी बढ़ेगा।
इस हफ्ते की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के चयन समिति के अध्यक्ष ट्रेवर हॉन्स ने बयान दिया था। उनका कहना था अगर आईपीएल के दौरान वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के साथ त्रिकोणीय सीरीज का आयोजन हुआ तो इन खिलाड़ियों का आईपीएल में खेल पाना काफी मुश्किल होगा।