कोरोना वायरस के बाद अब कई देशों में क्रिकेट मैदान पर लौटने लगा है। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीमें टेस्ट मैच खेल रही हैं, वहीं पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड पहुंच गई है और सीरीज के लिए तैयारियों में जुटी है। इस बीच दक्षिण अफ्रीका में भी शनिवार से क्रिकेट का आगाज होने जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने अलग ही अंदाज में एक क्रिकेट चैरिटी मैच का आयोजन किया है।
इस मैच में एक साथ तीन टीमें मैदान पर उरतेंगी और वो बारी-बारी बल्लेबाजी और गेंदबाजी करेंगी। इसलिए इस फॉर्मेट का नाम 3टी क्रिकेट रखा गया है। यह मैच 36 ओवर तक चलेगा। यह मुकाबला 'सोलिडेरिटी कप' के नाम से खेला जाएगा। इस मैच के जरिए कोविड-19 महामारी के खिलाफ जंग के लिए फंड जुटाया जाएगा। 18 जुलाई को भारतीय समयानुसार दोपहर दो बजे यह मैच शुरू होगा, जिसका स्टार स्पोर्ट्स पर सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।