डरबन में खेले गए दूसरे वनडे में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 134 रनों से हराकर सीरीज पर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। इसके साथ ही टीम इंडिया की लगातार सात वनडे सीरीज जीतने का सपना टूट गया।
मेजबान दक्षिण अफ्रीका के 281 रनों के स्कोर का पीछा करते हुए टीम इंडिया 35.1 ओवर में महज 146 रनों पर ऑल आउट हो गई। (लाइव स्कोरकार्ड)
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने संशोधित 49 ओवर में छह विकेट खोकर 280 रन बनाए। मेजबान टीम की ओर से क्विंटन डी कॉक (106) और हाशिम अमला (100) ने शतकीय पारियां खेली।
49-49 ओवर के इस मैच में भारतीय गेंदबाज शुरुआत में बेदम साबित हो रहे थे लेकिन बाद में उन्होंने अफ्रीकी बल्लेबाजों पर अंकुश लगा दिया। भारत को इस मैच में पहली सफलता 36वें ओवर की पहली गेंद पर मिली।
भारत की ओर से एक बार फिर मोहम्मद शमी बेहद सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 48 रन देकर तीन विकेट झटके। शमी ने एक ही ओवर में हाशिम अमला (100 रन, 8 चौका) और डेविड मिलर (0) को आउट किया।
तेज पिच पर फिर फ्लॉप
दक्षिण अफ्रीका की तेज और उछाल लेती पिच पर भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी दूसरे वनडे में भी खुलकर सामने आई।
इस साल सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शूमार विराट कोहली और शिखर धवन खाता भी नहीं खोल सके। भारत की ओर से सुरेश रैना ने सर्वाधिक 36 रनों का योगदान दिया। जबकि रविंद्र जडेजा ने 26 रन बनाए।
युवराज सिंह की जगह टीम में शामिल किए गए अजिंक्य रहाणे मात्र आठ रन ही बना सके जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी मात्र 19 रन बनाकर चलते बने।
लोनवाबो सोतसोबे ने 25 रन देकर चार, डेल स्टेन ने 17 रन देकर तीन और मोर्ने मोर्कल ने दो विकेट हासिल किए।
35 के बाद मिली पहली सफलता
भारत ने एक बार फिर लचर गेंदबाजी की। टीम को पहली सफलता के लिए 35 ओवर तक इंतजार करना पड़ा। 36वें ओवर की पहली गेंद पर आर अश्विन ने रोहित शर्मा के हाथों कॉक को कैच आउट कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई।
हालांकि भारत को दूसरी सफलता के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा। सात गेंद के बाद भारत को अगली ओवर में रवींद्र जडेजा ने विस्फोटक कप्तान एबी डीविलियर्स (3) को धोनी के हाथों स्टंप आउट करा दिया।
दक्षिण अफ्रीका ने पांच रन के अंदर दो विकेट खोए।
भारतीय गेंदबाजी फिर बेदम
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सीरीज में लगातार दूसरी बार टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पिछले मैच में भी भारतीय गेंदबाजी बेहद लचर रही थी। आज के मैच में गेंदबाज अफ्रीकी बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे।
क्विंटन डी कॉक (106) और हाशिम अमला (100) ने अपनी टीम को एक बार फिर बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 194 रनों की साझेदारी की। साथ ही उनकी सीरीज में लगातार दूसरे मैच में शतकीय साझेदारी भी रही।
कॉक ने आज पिछले मैच वाला अंदाज नहीं दिखाया और 118 गेंदों में नौ चौके की मदद से 106 रन बनाए। अमला करियर का 12वां शतक लगाने के बाद ही आउट हो गए।
टॉस में हुई देरी
मैच से पूर्व होने वाला टॉस आउटफील्ड गीली होने के कारण तय समय से नहीं हो सका। पहले यह टॉस स्थानीय समय सुबह 9:30 पर होना था बाद में इसे 10 बजे किया गया।
लेकिन मैदान पर नमी के कारण अंपायरों ने इसे 20 मिनट और बढ़ा दिया है। अंपायरों ने एक बार फिर टॉस के लिए 20 मिनट का समय बढ़ा दिया गया था।
बाद में जब टॉस कराया गया तो उस समय मैच घटाकर 49-49 ओवर का कर दिया गया। इस मैच में युवराज सिंह को अनफिट होने के कारण अंतिम एकादश में शामिल नहीं किया गया है। उनकी जगह अंजिक्य रहाणे को रखा गया। उमेश्ा यादव और इशांत शर्मा को भी टीम इंडिया में शामिल किया गया है।