इंग्लैंड के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अपना पहला टेस्ट खेल रहे ओपनर हामिश रदरफोर्ड (171) के शानदार शतक से न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन 7 विकेट पर 402 रन बना लिए थे।
इंग्लैंड की पहली पारी मात्र 167 रन पर सिमट गई थी। इस तरह मेजबान न्यूजीलैंड ने 235 रन की बढत बना ली है जबकि उसके तीन विकेट शेष हैं। टेस्ट पदार्पण कर रहे पूर्व कीवी कप्तान केन रदरफोर्ड के पुत्र हामिश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 217 गेंदों में 22 चौके और तीन छक्के लगाते हुए 171 रन की बेजोड़ पारी खेली।
न्यूजीलैंड ने कल के स्कोर बिना किसी नुकसान के 131 रन से आगे खेलना शुरू किया था। हामिश 77 और फुल्टन 46 रन पर नाबाद थे। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 158 रन की साझेदारी की। फुल्टन 55 रन बनाकर जेम्स एंडरसन का शिकार हुए जबकि हामिश तीसरे विकेट के रूप में 267 रन पर आउट हुए।
बी जे वाटलिंग को छोडकर बाकी सभी बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के लिए उपयोगी पारियां खेलीं। केन विलियम्सन ने 24, रॉस टेलर ने 31, डीन ब्राउनली ने 27 और टिम साउदी ने 25 रन बनाए।
स्टंप्स के समय कप्तान ब्रैंडन मैकुलम 44 और ब्रूस मार्टिन 17 रन बनाकर क्रीज पर थे। इंग्लैंड की ओर से जेम्स एंडरसन ने 29 ओवर में 108 रन देकर चार विकेट लिए जबकि स्टुअर्ट ब्राड ने दो और मोंटी पनेसर ने एक विकेट लिया।