फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वेस्टइंडीज से टेस्ट हारा पाकिस्तान: 211 के जवाब में 120 पर सिमटी PAK टीम; बाबर ने किस पर फोड़ा हार का ठीकरा?

Wed, 29 Jul 2026 12:04 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, त्रिनिदाद

सार

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में 90 रन की हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम अपनी टीम की बल्लेबाजी से बेहद नाराज नजर आए। उन्होंने खुलकर बल्लेबाजों की आलोचना की और साथ ही बताया कि शान मसूद की अंगुली में फ्रैक्चर होने से टीम को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा।
विज्ञापन
बाबर आजम - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में आठवें नंबर पर मौजूद वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में 90 रन से मिली हार के बाद पाकिस्तान (सातवीं रैंकिंग) के कप्तान बाबर आजम ने अपनी टीम की बल्लेबाजी पर खुलकर नाराजगी जाहिर की। दूसरी पारी में बाबर 107 गेंदों में 58 रन बनाकर नाबाद लौटे, लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 120 रन पर सिमट गई और लगातार आठवीं बार विदेशी सरजमीं पर टेस्ट मैच हार गई। हार के बाद बाबर ने स्वीकार किया कि टीम बल्लेबाजी में पूरी तरह विफल रही और इसी वजह से मैच हाथ से निकल गया।

विज्ञापन

'बल्लेबाजी यूनिट उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी'
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में बाबर ने कहा कि पाकिस्तान ने शुरुआती दिनों में अच्छा क्रिकेट खेला था, लेकिन अंतिम दिन बल्लेबाज पूरी तरह बिखर गए। उन्होंने कहा, 'हां, नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा, लेकिन पिछले दो दिनों में हमने अच्छा क्रिकेट खेला। आज हालांकि हमारी बल्लेबाजी यूनिट बिल्कुल उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। हम लगातार विकेट गंवाते रहे और बल्लेबाजी पूरी तरह नाकाम रही।'

बाबर आजम - फोटो : Twitter

'पिच नहीं, हमारी साझेदारियां हार की वजह बनीं'
बाबर ने हार का ठीकरा पिच पर फोड़ने से इनकार किया। उनका मानना है कि वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने परिस्थितियों का बेहतर इस्तेमाल किया और पाकिस्तान साझेदारी बनाने में नाकाम रहा। उन्होंने कहा, 'पिच अच्छी थी। हमें उम्मीद थी कि नई गेंद से थोड़ी मूवमेंट मिलेगी, क्योंकि यहां ऐसा स्वाभाविक है और हम उसके लिए तैयार भी थे। लेकिन उन्होंने शानदार गेंदबाजी की और परिस्थितियों का बेहतरीन इस्तेमाल किया। चौथे दिन गेंद कुछ नीचे रह रही थी और असमान उछाल भी मिल रहा था। हम साझेदारियां नहीं बना सके और यही हमारी हार की सबसे बड़ी वजह बनी।'

शान मसूद की चोट से टीम को लगा झटका
पूर्व कप्तान शान मसूद पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान अंगुली चोटिल करा बैठे थे। दूसरी पारी में वह आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और सिर्फ तीन रन बना सके। मैच के बाद बाबर ने खुलासा किया कि मसूद की अंगुली में फ्रैक्चर है और इससे टीम का संतुलन बिगड़ गया। उन्होंने कहा, 'हां, शान मसूद की चोट का असर हम पर पड़ा क्योंकि दुर्भाग्य से उनकी अंगुली में फ्रैक्चर है। हमने निश्चित रूप से उन्हें मिस किया। लेकिन साथ ही नई गेंद का सामना करते समय पहले 20 ओवर निकालना और साझेदारी बनाना जरूरी होता है। जब गेंद पुरानी हो जाती है तो बल्लेबाजी आसान हो जाती है, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके।' दूसरे टेस्ट से पहले अब मसूद की फिटनेस पर नजर रहेगी। यदि वह पूरी तरह फिट नहीं होते हैं तो पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

शान मसूद - फोटो : ICC

'ड्रेसिंग रूम में बैठकर गलतियों पर चर्चा करेंगे'
बाबर ने कहा कि टीम हार से सबक लेगी और अपनी कमियों को दूर करने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा, 'हम सभी साथ बैठकर इन बातों पर चर्चा करेंगे। नतीजा हमारे हाथ में नहीं था, लेकिन अपनी गलतियों को जरूर सुधार सकते हैं। हम अपनी कमियों को दूर करने की पूरी कोशिश करेंगे ताकि आगे बेहतर प्रदर्शन कर सकें।'

सील्स और ग्रीव्स ने पलटा मैच
वेस्टइंडीज की जीत के सबसे बड़े हीरो तेज गेंदबाज जेडन सील्स रहे, जिन्होंने दूसरी पारी में पांच विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं पहली पारी में लगातार पांच मेडन विकेट लेने वाले जस्टिन ग्रीव्स को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। ग्रीव्स ने मैच के बाद कहा, 'हमने कोशिश की कि जितना हो सके अनुशासित गेंदबाजी करें। मैंने पहली और दूसरी पारी में मोहम्मद अब्बास की फुल लेंथ गेंदबाजी को देखा और उसी तरह गेंदबाजी करने की कोशिश की। यह रणनीति हमारे लिए कारगर साबित हुई।'

जेडन सील्स - फोटो : ICC

WTC रैंकिंग में सबसे नीचे पाकिस्तान
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में 90 रन की हार के बाद पाकिस्तान की स्थिति आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका में और खराब हो गई है। बाबर आजम की टीम पांच मैचों में सिर्फ एक जीत के साथ नौवें और अंतिम स्थान पर है। उसका जीत प्रतिशत (PCT) केवल 6.67 है। वहीं, वेस्टइंडीज 22.73 अंक प्रतिशत के साथ पाकिस्तान से ऊपर आठवें स्थान पर है। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया 87.50 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है, जबकि दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। भारत नौ मैचों में चार जीत, चार हार और एक ड्रॉ के साथ 52 अंक तथा 48.15 प्रतिशत अंक लेकर पांचवें स्थान पर मौजूद है। 

आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 अंक तालिका

रैंक टीम मैच जीत हार ड्रॉ अंक कटौती अंक जीत प्रतिशत
1 ऑस्ट्रेलिया 8 7 1 0 0 84 87.50
2 दक्षिण अफ्रीका 4 3 1 0 0 36 75.00
3 न्यूजीलैंड 6 4 1 1 0 52 72.22
4 बांग्लादेश 4 2 1 1 0 28 58.33
5 भारत 9 4 4 1 0 52 48.15
6 श्रीलंका 4 1 1 2 0 20 41.67
7 इंग्लैंड 13 4 8 1 14 38 24.36
8 वेस्टइंडीज 11 2 7 2 2 30 22.73
9 पाकिस्तान 5 1 4 0 8 4 6.67
विज्ञापन

ग्रीव्स - फोटो : TWitter
मैच में क्या हुआ?
 
  • मैच की बात करें तो वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने अपनी पहली पारी मं 311 रन बनाए। केवम हॉज ने 84 रन और शाई होप ने 92 रन की पारी खेली। 
  • जवाब में पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 282 रन बनाए। इमाम उल हक ने 63 रन और पूर्व कप्तान शान मसूद ने 109 रन बनाए। कप्तान बाबर 23 रन ही बना सके। वेस्टइंडीज को पहली पारी के आधार पर 29 रन की बढ़त मिली।
  • वेस्टइंडीज की दूसरी पारी 181 रन पर सिमट गई। शमार जोसेफ ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए। वहीं, तेजनारायण चंद्रपॉल ने 35 रन की पारी खेली। वेस्टइंडीज की कुल बढ़त 210 रन की हुई और पाकिस्तान को 211 रन का लक्ष्य मिला।
  • जवाब में पाकिस्तान की टीम 120 रन पर सिमट गई। बाबर 58 रन पर नाबाद रहे। बाकी कोई बल्लेबाज नहीं चला। शान मसूद टूटी अंगुली से बल्लेबाजी के लिए आए और तीन रन बनाकर आउट हुए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें